
हरिद्वार। हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) को नया सचिव मिल गया है। उत्तराखंड शासन ने शुक्रवार को आदेश जारी कर पीसीएस अधिकारी प्रत्यूष सिंह को एचआरडीए का सचिव नियुक्त किया है। शासन के कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग-1 द्वारा जारी आदेश के अनुसार भारत निर्वाचन आयोग से अनुमति प्राप्त होने के बाद यह नियुक्ति की गई है।
जारी आदेश में कहा गया है कि प्रत्यूष सिंह को उनके वर्तमान पदभार से कार्यमुक्त करते हुए सचिव, हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए), हरिद्वार का दायित्व सौंपा गया है। उन्हें तत्काल प्रभाव से नए पद पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रत्यूष सिंह प्रशासनिक सेवा में अपनी सक्रिय कार्यशैली और प्रभावी प्रशासनिक समन्वय के लिए जाने जाते हैं। वह पूर्व में हरिद्वार और रुड़की में उप जिलाधिकारी (एसडीएम) के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उनके कार्यकाल के दौरान कानून-व्यवस्था, जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए किए गए कार्यों की सराहना हुई थी।
क्षेत्र की भौगोलिक, सामाजिक और विकास संबंधी जरूरतों की गहरी समझ होने के कारण उनकी नियुक्ति को एचआरडीए के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रशासनिक विशेषज्ञों का मानना है कि उनके नेतृत्व में हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण की लंबित योजनाओं और मामलों के निस्तारण में गति आएगी। बताया जा रहा है कि नए सचिव जल्द ही प्राधिकरण की प्रमुख परियोजनाओं की समीक्षा कर आगामी कार्ययोजना तैयार करेंगे।
