Home / राज्य / भरी दोपहरी गौशाला पर कब्जा करने पहुंचे भाड़े के बदमाश, घिरता देख भागे, वीडियो वायरल

भरी दोपहरी गौशाला पर कब्जा करने पहुंचे भाड़े के बदमाश, घिरता देख भागे, वीडियो वायरल


कनखल क्षेत्र के जगजीतपुर स्थित एक गौशाला में मंगलवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब करीब 40 से 50 लोगों के हथियारों के साथ घुसने और लाखों रुपये की नकदी व जेवरात लूटने का आरोप लगा। घटना के दौरान जमकर हंगामा हुआ, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
जगजीतपुर निवासी अनुज कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे डिवाइन लाइफ स्कूल के पास स्थित उनकी गौशाला में कई लोग जबरन घुस आए। आरोप है कि हमलावरों ने गौशाला परिसर में रह रहे परिवार के घर का ताला खोलकर लॉकर में रखे करीब 12 लाख रुपये के जेवरात और दो लाख रुपये की नकदी निकाल ली। बताया गया कि यह रकम और जेवर सुमन राठी के बेटे मोनू की आगामी शादी के लिए जुटाए गए थे।
आरोप है कि विरोध करने पर सभी हथियार लहराकर धमकाने लगे। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए, जिसके बाद हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए भागने लगे। इस दौरान स्थानीय लोगों ने एक युवक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पूरी घटना गौशाला परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की। कनखल कोतवाली के एसएसआई अनुज सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!