
हरिद्वार। उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की आस्था का प्रवाह लगातार बढ़ रहा है। हरिद्वार के ऋषिकुल मैदान स्थित यात्री पंजीकरण केंद्र में शुक्रवार को देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे कुल 7,242 श्रद्धालुओं ने चारधाम एवं हेमकुंड साहिब यात्रा के लिए अपना पंजीकरण कराया। जारी पंजीकरण बुलेटिन के अनुसार यमुनोत्री धाम के लिए 1,370, गंगोत्री धाम के लिए 1,451, केदारनाथ धाम के लिए 2,040, बद्रीनाथ धाम के लिए 2,315 तथा हेमकुंड साहिब के लिए 66 यात्रियों ने पंजीकरण कराया। इसके साथ ही ऋषिकुल मैदान पंजीकरण केंद्र से अब तक कुल 03 लाख 85 हजार 290 श्रद्धालु चारधाम यात्रा के लिए पंजीकरण करा चुके हैं।
चारधाम यात्रा को व्यवस्थित, सुरक्षित और श्रद्धालु-अनुकूल बनाने में जिला प्रशासन की कार्यशैली की लगातार सराहना हो रही है। ऋषिकुल मैदान पंजीकरण केंद्र पर पेयजल, शौचालय, चिकित्सा सहायता, सुरक्षा व्यवस्था एवं पर्याप्त पंजीकरण काउंटर जैसी सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं। इसके चलते प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के सुगमता से पंजीकरण करा रहे हैं।
यात्रियों ने भी जिला प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई गई सुविधाओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि पंजीकरण प्रक्रिया सरल, पारदर्शी और सुव्यवस्थित है। चारधाम यात्रा के व्यस्ततम दौर में भी प्रशासन द्वारा की गई बेहतर व्यवस्थाएं श्रद्धालुओं के लिए राहत का कारण बनी हुई हैं।
