सिख मार्शल आर्ट गतका के अरुण सूद प्रदेश अध्यक्ष एवं सतीश जोशी महासचिव नियुक्त

हल्द्वानी। मार्शल आर्ट खेलों की विभिन्न शैलियों में महारथ हासिल कर चुके एवं पिछले 29 वर्षों से इन खेलों से जुड़कर दर्जनों देशों में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले एशियन कोच एवं रैफ़री सतीश जोशी अब उत्तराखण्ड राज्य में सिख धर्म की विख्यात परंपरागत मार्शल आर्ट “गतका” की कमान सम्भालेंगे।
गतका फ़ेडरेशन ऑफ़ इंडिया के राष्ट्रीय महासचिव बलजिंदर सिंह तूर ने सतीश जोशी को गतका एशोसिएशन ऑफ़ उत्तराखंड का महासचिव नियुक्त किया है। राष्ट्रीय फेडरेशन द्वारा भेजे गये पत्र में राष्ट्रीय महासचिव ने लंबे समय से विभिन्न मार्शल आर्ट खेलों से जुड़े रहने एवं विश्व स्तर कर भारत का कई बार मान बढ़ाने के कारण सतीश जोशी को यह महत्वपूर्ण ज़िम्मेदारी सौंपी हैं। अपने 29 वर्षों के खेल सफ़र में सतीश जोशी चीन, नेपाल, बांग्लादेश, सिंगापुर, मलेशिया, थाईलैण्ड, वियतनाम, हांगकांग, तुर्कमेनिस्तान, दक्षिण कोरिया, लंदन यूके, कनाडा, जापान आदि देशों में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। जोशी 2017 मैं तुर्कमेनिस्तान में ओलंपिक काउंसिल ऑफ़ एशिया द्वारा आयोजित 5वें एशियन इंडोर एवं मार्शल आर्ट खेलों एवं 2019 में लंदन यूनाइटेड किंगडम में आयोजित 12वें विश्व मार्शल आर्ट खेलों में भारत के मुख्य कोच की भी ज़िम्मेदारी निभा चुके हैं। नवनियुक्त महासचिव सतीश जोशी की विशेष संस्तुति पर उत्तराखंड सरकार द्वारा लाइफ़ टाइम एचीवमेंट अवार्डी एवं अंतर्राष्ट्रीय बास्केटबॉल खिलाड़ी अरुण कुमार सूद प्रदेश अध्यक्ष क्रीड़ा भारती को राज्य एशोसियेसन का अध्यक्ष मनोनीत किया है। ज्ञात हो कि “गतका”खेल सिख धर्म के लोगों का प्रचलित परंपरागत खेल है जो कि दुनिया भर के विभिन्न देशों में भी खेला जाता है। भारत में यह खेल स्कूल गेम्स फ़ेडरेशन ऑफ़ इंडिया, आल इंडिया यूनिवर्सिटी खेलों , खेलों इंडिया गेम्स एवं 2022 में राष्ट्रीय खेलों (नेशनल गेम्स) में शामिल हो चुका है। देश में इस खेल की सर्वोच्च संस्था “गतका फ़ेडरेशन ऑफ़ इंडिया” विश्व गतका महासंघ की भारत में एकमात्र सदस्य है। सतीश जोशी ने राष्ट्रीय फेडरेशन का आभार जताते हुए कहा कि उत्तराखंड में बड़े पैमाने पर गतका खेल को खेला जाता है। इस खेल के सैंकड़ों अखाड़े विधिवत रूप से राज्य में संचालित हो रहे है। उत्तराखण्ड में इस खेल की राज्य संस्था बनने के बाद अब इन अखाड़ों से जुड़े हज़ारों खिलाड़ियों को अब गतका खेल को खेलकर राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय पहचान मिलेगी। अतिशीघ्र इस खेल के प्रशिक्षकों को एकत्र कर राज्य स्तर की प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जायेगा।
उन्होंने राज्य के गतका खिलाड़ियों का आह्वान करते हुए कहा कि भविष्य में इस खेल के खिलाड़ियों को सभी सुविधाएँ प्रदान करने की पहल भी की जाएगी ताकि इस खेल का अधिक से अधिक प्रचार प्रसार राज्य में हो सके। उत्तराखण्ड राज्य गतका संघ में महासचिव एवं अध्यक्ष पद पर नियुक्त होने पर केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट, राष्ट्रीय अध्यक्ष हरचरण सिंह भुल्लर आईपीएस, उत्तराखण्ड सरकार के संसदीय कार्य एवं वित्त मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, भारतीय ओलंपिक संघ के पूर्व महासचिव राजीव मेहता, क्रीड़ा भारती के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नारायण सिंह राणा, भाजपा खेल प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक सुरेश पांडेय, उत्तराखण्ड बॉक्सिंग संघ के महासचिव गोपाल सिंह खोलिया, कुमाऊँ विश्वविद्यालय नैनीताल के खेल सचिव डॉ नागेंद्र शर्मा, जूजित्सु इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय जोशी, उत्तराखण्ड किकबॉक्सिंग संघ के अध्यक्ष अरविंद कोटनाला, सहायक निदेशक खेल रशिका सिद्धिकी, अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी प्रज्ञा जोशी, नीलेश जोशी, आरती सैनी आदि गणमान्य लोगों एवं
खिलाड़ियों ने बधाई दी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!