
हरिद्वार। रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने अनुरक्षण शाखा (गंगा) एवं पेयजल निगम के अधिकारियों के साथ बैठक कर रानीपुर विधानसभा क्षेत्र में संचालित, प्रस्तावित एवं आगामी सीवरेज तथा पेयजल योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। विधायक ने अधिकारियों को जनहित से जुड़ी इन योजनाओं को निर्धारित समयसीमा में आगे बढ़ाने तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न करने के स्पष्ट निर्देश दिए।
बैठक में KFW योजना फेस-2 के अंतर्गत जगजीतपुर क्षेत्र में चल रहे सीवरेज कार्य की समीक्षा करते हुए विधायक आदेश चौहान ने निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में अभी सीवर लाइन डालने का कार्य शेष है, वहां शीघ्र कार्य पूर्ण कराया जाए। साथ ही, जिन स्थानों पर सीवर लाइन डाली जा चुकी है, वहां हुई रोड कटिंग को तत्काल दुरुस्त कर सड़कों को पूर्व स्थिति में लाने के निर्देश दिए।
विधायक ने KFW योजना फेस-3, जिसके अंतर्गत सीतापुर एवं हरिलोक-राजलोक क्षेत्र में सीवरेज लाइन बिछाई जानी है, की भी समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि इसकी टेंडर प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है। विधायक ने निर्देश दिए कि इसी माह सीवरेज लाइन डालने का कार्य प्रारंभ किया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को शीघ्र सीवरेज सुविधा का लाभ मिल सके।
बैठक में KFW योजना फेस-4 पर भी विशेष चर्चा हुई। लगभग ₹180 करोड़ की इस महत्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत सुभाषनगर, टिहरी विस्थापित क्षेत्र, शिवालिकनगर एवं आसपास की कॉलोनियों में सीवरेज लाइन बिछाने तथा एसपीएस निर्माण सहित विभिन्न कार्य प्रस्तावित हैं। विधायक आदेश चौहान ने अधिकारियों को योजना की फाइनल डीपीआर एवं अपेक्षित रिपोर्ट शीघ्र शासन को भेजने के निर्देश दिए, ताकि योजना को आवश्यक स्वीकृति दिलाकर धरातल पर कार्य शुरू कराया जा सके।
इसके अतिरिक्त बैठक में सुभाषनगर, टिहरी विस्थापित, शिवालिकनगर, रामधाम, देवनगर, कृपाल नगर, नवोदय नगर एवं केशव नगर क्षेत्रों के लिए प्रस्तावित लगभग ₹125 करोड़ की जायका पेयजल योजना की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि योजना की डीपीआर एवं सर्वे का कार्य पूर्ण हो चुका है तथा पीएमसी को कार्य सौंप दिया गया है। विधायक ने निर्देश दिए कि शासन से आवश्यक स्वीकृति शीघ्र प्राप्त कर टेंडर प्रक्रिया प्रारंभ कराई जाए।
विधायक आदेश चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड के विकास के संकल्प को रानीपुर विधानसभा में भी योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है। सीवरेज एवं पेयजल से जुड़ी इन महत्वपूर्ण योजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी और शहरी विकास को नई गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि बरसात के बाद विकास कार्यों को तेजी देने के लिए विभागीय अधिकारियों के साथ लगातार समीक्षा की जा रही है। सभी प्रस्तावित योजनाओं की प्रशासनिक एवं तकनीकी प्रक्रियाओं को तेजी से पूर्ण कर शासन स्तर पर लंबित स्वीकृतियां प्राप्त करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि योजनाओं का लाभ जनता को जल्द से जल्द मिल सके।
विधायक ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनहित से जुड़ी योजनाओं में अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में न हो तथा योजनाओं की प्रगति की नियमित समीक्षा करते हुए कार्यों को समयबद्ध रूप से धरातल पर उतारा जाए।
बैठक में विभागीय अधिकारीगण सहित प्रमुख रूप से पार्षद नागेंद्र राणा, लक्की वालिया, हरविंद्र सिंह विक्की, वरिष्ठ भाजपा नेता अजय बबली उपस्थित रहे।













