
हरिद्वार। मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में जनपद की सड़कों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गड्ढामुक्त करने के उद्देश्य से डीएम मयूर दीक्षित ने रविवार को विभिन्न क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों के साथ चंडी चौक, आयरिश पुल के समीप, बैरागी कैंप, दक्षद्वीप सहित अन्य क्षेत्रों में पहुंचकर सड़कों की स्थिति, डामरीकरण एवं पेंचवर्क कार्यों का जायजा लिया और कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार 15 अक्टूबर तक जनपद की सड़कों को गड्ढामुक्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस लक्ष्य को गंभीरता से लेते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारी सभी चिन्हित स्थानों पर डामरीकरण एवं पेंचवर्क का कार्य तेज गति से सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जहां भी सड़क मरम्मत का कार्य लंबित है, वहां पर्याप्त संख्या में श्रमिक एवं संसाधन बढ़ाकर कार्य की गति में तेजी लाई जाए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने चंडी पुल के मरम्मत कार्य की भी जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पुल के मरम्मत कार्य को त्वरित गति से पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि आवागमन अधिक समय तक बाधित न रहे और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। आयरिश पुल के पास क्षतिग्रस्त सड़क का भी निरीक्षण किया।
इसके पश्चात जिलाधिकारी ने दक्षद्वीप स्थित बैरागी क्षेत्र में निर्माणाधीन 60 मीटर स्पान पुल का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता तथा निर्धारित समयसीमा की जानकारी संबंधित अधिकारियों से ली। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि पुल निर्माण से जुड़े कार्यों को आवश्यक समन्वय के साथ तेजी से आगे बढ़ाया जाए तथा निर्माण कार्य में गुणवत्ता के मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए।उन्होंने कार्यदायी संस्था एवं संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से कार्य की प्रगति की समीक्षा करने के निर्देश भी दिए।जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के माध्यम से किए जा रहे कुंभ मेला संबंधी कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से विभिन्न कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि आगामी कुंभ मेला की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सभी कार्य समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जाएं।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने राष्ट्रीय राजमार्ग के विभिन्न हिस्सों पर पेंटिंग एवं वॉल पेंटिंग कराने के निर्देश दिए, ताकि सड़क किनारे के क्षेत्रों को व्यवस्थित एवं आकर्षक बनाया जा सके। इसके साथ ही खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तत्काल ठीक कराने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि सड़क मरम्मत के साथ-साथ प्रकाश व्यवस्था और सड़क के आसपास की व्यवस्था को भी दुरुस्त किया जाना आवश्यक है।
उन्होंने एनएच के आधिकारियों को निर्देश दिए कि शंकराचार्य चौक से भूपतवाला तक सड़कों का पैचवर्क एवं डामरीकरण का कार्य प्राथमिकता के आधार पर पहले किया जाए।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें और सड़क मरम्मत सहित अन्य आवश्यक कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनता को बेहतर सड़क एवं सुगम आवागमन उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है, इसलिए कार्यों में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न किया जाए।
निरीक्षण के दौरान परियोजना निर्देशक राष्ट्रीय राजमार्ग विशाल गोयल, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग योगेश कुमार, डिप्टी मैनेजर एनएच प्रज्वल चौहान, कॉन्ट्रैक्टर अमित जैन, जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।













