गुजरात के उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल व सांसद निशंक ने गिनायी केंद्र सरकार की उपलब्धियां…

हरिद्वार / सुमित यशकल्याण।

हरिद्वार। केंद्र सरकार के 09 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भाजपा द्वारा शुरू किए गए महाजनसपंर्क अभियान के तहत हरिद्वार सांसद डॉ.रमेश पोखरियाल निशंक व गुजरात के उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल ने प्रेस कर केंद्र सरकार की उपलब्धियां बतायी। इसके पूर्व भाजपा पदाधिकारियों ने गुजरात के उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल व सांसद निशंक का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया।

हाईवे स्थित होटल में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए सांसद डॉ.रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने नौ साल में राजनीति व विकास की दृष्टि से नए आयाम रचे हैं। पूरी दुनिया में भारत का मान बढ़ा है। केंद्र सरकार की विकासवादी नीतियों से प्रभावित होकर अनेक दलों से लोग भाजपा से जुड़ रहे हैं। जनता में सरकार के प्रति विश्वास बढ़ा है। आम आदमी का जीवन बेहतर हुआ है। डॉ.निशंक ने कहा कि हरिद्वार संसदीय क्षेत्र को जो विकास पिछले साठ वर्ष में नहीं हो पाया था। वह मात्र नौ साल में हुआ है। अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाएं हरिद्वार को मिली हैं।

गुजरात के उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सुशासन के चलते विकास और सुरक्षा की दृष्टि से देश मजबूत हुआ है। रक्षा, अंतरिक्ष, अर्थव्यवस्था सहित तमाम क्षेत्रों में केंद्र सरकार ने अनेक उपलब्धियां प्राप्त की हैं। रक्षा उत्पादन में देश आत्मनिर्भर बना है। कल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव के लाभार्थियों तक पहुंच रहा है। नितिन पटेल ने कहा कि देश को नई शिक्षा नीति देने में सांसद डॉ.निशंक का महत्वपूर्ण योगदान है। देश के करोड़ो छात्रों को नई शिक्षा नीति का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के नौ वर्ष पूरे होने पर जनता से सीधा संवाद स्थापित करने के लिए पार्टी ने महाजनसंपर्क अभियान शुरू किया है। जिसके तहत पार्टी के कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से संपर्क कर सरकार की उपलब्धियों से अवगत कराएंगे।

पत्रकारवार्ता के दौरान रानीपुर विधायक आदेश चौहान, रूड़की विधायक प्रदीप बत्रा, पूर्व विधायक संजय गुप्ता, पूर्व विधायक सुरेश राठौर, पूर्व विधायक देशराज कर्णवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष संदीप गोयल, पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ.जयपाल सिंह चौहान, जिला महामंत्री आशुतोष शर्मा, आशु चौधरी, लव शर्मा, वरिष्ठ भाजपा नेता ओमप्रकाश जमदग्नि, प्रदेश प्रवक्ता विनोद सुयाल, शोभाराम प्रजापति, डोईवाला विधायक ब्रजभूषण गैरोला सहित कई भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!