
हरिद्वार। स्वामी दर्शनानंद इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई एवं रोटरी हरिद्वार रॉयल्स के संयुक्त तत्वावधान में महाविद्यालय परिसर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों को रक्तदान के प्रति जागरूक करना और समाज सेवा के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संस्थान की निदेशक डॉ. जयलक्ष्मी उपस्थित रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों को रक्तदान के महत्व और इससे होने वाले लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि रक्तदान एक महत्वपूर्ण सामाजिक सेवा है, जिसके माध्यम से जरूरतमंद लोगों की जान बचाने में मदद मिलती है। उन्होंने विद्यार्थियों को रक्तदान के प्रति जागरूक रहने और समाजहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर रोटरी हरिद्वार रॉयल्स की ओर से दीपक अरोड़ा, राघव गुप्ता एवं गौरव शर्मा उपस्थित रहे। उन्होंने छात्र-छात्राओं को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रोत्साहित किया और इस तरह के आयोजनों को समाज के लिए महत्वपूर्ण बताया।
शिविर में एनएसएस के स्वयंसेवकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा समाज सेवा के माध्यम से राष्ट्रहित में योगदान देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में संस्थान के प्रधानाचार्य अशोक गौतम, रजिस्ट्रार अनुराग गुप्ता, प्रो. अंजुम सिद्दीकी, प्रो. अंकुर चौहान, प्रो. दिलखुश कुमार, वर्षा रानी, ज्योति राजपूत सहित राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी पंकज कुमार उपस्थित रहे।













