
हरिद्वार। उत्तराखंड प्रशासनिक अकादमी नैनीताल द्वारा गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के पर्यावरण विभाग के सभागार में दो दिवसीय आपदाओं के प्रति जागरूकता करने के लिए एनसीसी कैडेट्स हेतु प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में इंडियन रेडक्रॉस उत्तराखंड के चेयरमैन प्रोफेसर डॉ. नरेश चौधरी को विषय विशेषज्ञ के रूप में मुख्य वक्ता के रूप में आमंत्रित किया गया। डॉ. नरेश चौधरी ने एक सौ साठ एनसीसी कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तराखंड राज्य भौगोलिक परिस्थितियों के कारण दैवीय आपदाओं के लिए अति संवेदनशील श्रेणी में आता है, साथ ही साथ कुंभमेला, अर्द्धकुंभ मेला, कांवड़ मेला, सोमवती अमावस्या स्नान जैसे बड़े-बड़े पर्वों एवं आयोजनों के कारण मानवजनित आपदाओं के प्रति अति संवेदनशील उत्तराखंड राज्य का जनपद हरिद्वार है।
डॉ. नरेश चौधरी ने प्रशिक्षणार्थियों को अवगत कराया कि हरिद्वार में पूर्व में हुए उन्नीस सौ छियासी कुंभ मेला, उन्नीस सौ छानवे सोमवती अमावस्या, दो हजार दस कुंभ मेला, दो हजार ग्यारह शांति कुंभ सताब्दी पर्व एवं दो हजार पच्चीस मंसा देवी पर हुई भगदड़ के कारण काफी जनहानि हुई है। डॉ. नरेश चौधरी ने कहा कि दैवीय आपदाओं को तो समाप्त नहीं किया जा सकता, जागरूकता से कम किया जा सकता है। परंतु मानवजनित आपदाओं को अवश्य पूर्ण रूपेण रोका जा सकता है, जिसके लिए हमें एकजुट होकर जनमानस को मानसिक रूप से तैयार कर जागरूकता करनी होगी। और पूर्व में हुई घटनाओं एवं हादसों से सीख लेकर आवश्यक संसाधनों को जुटाना होगा। और पूर्व में हुई लापरवाही एवं कमियों को सर्वोच्च प्राथमिकता से दूर करना होगा।
डॉ. नरेश चौधरी ने भीड़ नियंत्रण प्रबंधन पर प्रशिक्षणार्थियों को विशेष गुर सिखाते हुए कहा कि कुंभ मेला 2027 में आप सभी प्रशिक्षित स्वयंसेवकों की अहम भूमिका रहेगी। इस प्रकार उत्तराखंड प्रशासनिक अकादमी द्वारा आयोजित कार्यशाला में आपदाओं के प्रति जागरूक करने की सफल पहल सिद्ध होगी। और प्रशिक्षित स्वयंसेवक कुंभ मेला प्रशासन के साथ मुख्य स्नान पर्वों पर सक्रिय सहभागिता करेंगे। और कुंभ मेला 2027 निर्विघ्न एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराएंगे।
उत्तराखंड प्रशासनिक अकादमी के आपदा प्रबोध प्रभारी कोर्स निदेशक डॉ. ओम प्रकाश ने प्रशिक्षणार्थियों को आपदाओं के प्रति विशेष रूप से प्रशिक्षित किया। अंत में उत्तराखंड प्रशासनिक अकादमी की ओर से इंडियन रेडक्रॉस उत्तराखंड के चेयरमैन प्रोफेसर डॉ नरेश चौधरी को आपदा प्रकोष्ठ प्रभारी डॉ. ओम प्रकाश ने प्रतीक चिह्न देकर विशेष रूप से सम्मानित किया।
डॉ. नरेश चौधरी ने उत्तराखंड प्रशासनिक अकादमी नैनीताल के महानिदेशक एवं आपदा प्रकोष्ठ प्रभारी डॉ ओम प्रकाश के का आभार प्रकट करते हुए धन्यवाद देते हुए कहा कि प्रशासनिक अकादमी द्वारा इस प्रकार आउटरीच प्रोग्राम आयोजित करना एवं स्थानीय स्वयंसेवकों को विषय विशेषज्ञ पर प्रशिक्षित करना सराहनीय पहल है, जिसका लाभ सीधे रूप से जमीनी एवं हकीकत रूप से जनमानस को प्राप्त हो सकेगा।













