Home / राजनीति / रानीपुर विधानसभा में “4 साल बेमिसाल” कार्यक्रम आयोजित, कई नेता भाजपा में शामिल…

रानीपुर विधानसभा में “4 साल बेमिसाल” कार्यक्रम आयोजित, कई नेता भाजपा में शामिल…

हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली उत्तराखंड सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में “4 साल बेमिसाल” कार्यक्रम के तहत रानीपुर विधानसभा में भाजपा का संगठनात्मक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक का कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मदन कौशिक ने कहा कि संगठन और सरकार द्वारा उन पर जताया गया विश्वास कार्यकर्ताओं के प्रति उनकी जिम्मेदारी को और मजबूत करता है। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
मुख्य वक्ता दर्जाधारी मंत्री ज्योति प्रसाद गैरोला ने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए बूथ स्तर को मजबूत करना बेहद जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन विस्तार और चुनावी रणनीति पर फोकस करने की अपील की।
रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने कहा कि हरिद्वार से मदन कौशिक को कैबिनेट में शामिल किए जाने से जिले के विकास को और गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से क्षेत्र में व्यापक विकास कार्य हुए हैं, जो आगामी चुनाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
इसी दौरान कार्यक्रम में नगर निगम हरिद्वार के वार्ड 47 से निर्दलीय पार्षद आदेश सैनी और शिवालिकनगर नगरपालिका के वार्ड 02 से कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी राजीव सिन्हा अपने समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। पार्टी में शामिल होने पर नेताओं ने उनका स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा की नीतियों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लोगों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है।
नेताओं ने भरोसा दिलाया कि पार्टी में शामिल हुए सभी कार्यकर्ताओं को पूरा सम्मान दिया जाएगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!