Home / शिक्षा / अचीव-2026 में एसडीआईएमटी के छात्र-छात्राओं ने किया शैक्षणिक भ्रमण, तकनीकी जानकारी से हुए रुबरु…

अचीव-2026 में एसडीआईएमटी के छात्र-छात्राओं ने किया शैक्षणिक भ्रमण, तकनीकी जानकारी से हुए रुबरु…

हरिद्वार। स्वामी दर्शानंद इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी (SDIMT) के छात्र-छात्राओं ने श्री प्रेम नगर आश्रम, हरिद्वार में 21 से 23 अगस्त 2026 तक आयोजित इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस कम एक्सपो ‘अचीव-2026’ में शैक्षणिक भ्रमण कर उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने एक्सपो में लगाए गए विभिन्न सरकारी संस्थानों और कंपनियों के स्टॉलों का अवलोकन किया तथा उनकी तकनीकी गतिविधियों और कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त की।
विद्यार्थियों ने विशेष रूप से एनटीपीसी, एनएचपीसी, एसजेवीएन और उरेडा के स्टॉलों पर पहुंचकर ऊर्जा, तकनीक, आधुनिकीकरण और संबंधित क्षेत्रों में हो रहे कार्यों को करीब से समझा। एक्सपो के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न तकनीकी जानकारियां प्राप्त कीं और विशेषज्ञों से संवाद भी किया।
संस्थान की निदेशक डॉ. जयलक्ष्मी ने बताया कि एसडीआईएमटी की ओर से छात्र-छात्राओं को समय-समय पर शैक्षणिक एवं औद्योगिक भ्रमण कराया जाता है, ताकि वे कक्षा में प्राप्त सैद्धांतिक ज्ञान को व्यावहारिक रूप से समझ सकें। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों को कार्यप्रणाली, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), तकनीकी विकास और आधुनिकीकरण जैसे विषयों की बेहतर समझ विकसित करने में मदद मिलती है।
उन्होंने कहा कि अचीव-2026 तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में तकनीकी शिक्षा और पॉलिटेक्निक जैसे व्यावसायिक एवं तकनीकी पाठ्यक्रमों के प्रति रुचि बढ़ेगी।
कार्यक्रम के तृतीय दिवस मुख्य अतिथि उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने एसडीआईएमटी के विद्यार्थियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विद्यार्थियों के तकनीकी क्षेत्र में बढ़ते रुझान की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान तरणप्रीत, श्रेया, शालिनी, आदित्य, पायल शर्मा, सुनैना, दिया नेगी, रचित सहित संस्थान के अन्य छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
इस अवसर पर संस्थान की ओर से डीन एकेडमिक अंजुम सिद्दीकी, रजिस्ट्रार अनुराग गुप्ता, प्रधानाचार्य अशोक गौतम, पंकज चौधरी, शुभम सिंह राठौड़, उमेश चंद, अंकुर चौहान, आशीष कुमार, देवेंद्र सिंह रावत, धरणीधर वाग्ले, वर्षा रानी और ज्योति राजपूत सहित अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!