Home / पुलिस / लक्सर में चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, लाखों के सोने-चांदी के आभूषण बरामद…

लक्सर में चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, लाखों के सोने-चांदी के आभूषण बरामद…

हरिद्वार। लक्सर कोतवाली क्षेत्र के मुंडाखेड़ा कलां गांव में घर में घुसकर लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और नगदी चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर लक्सर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चोरी की वारदात में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के लाखों रुपये कीमत के आभूषण के साथ वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद की है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक, 30-31 अगस्त 2026 की आधी रात ग्राम मुंडाखेड़ा कलां निवासी नवीन के घर में अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर घर में रखे लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और नगदी चोरी कर ली थी। शिकायत के आधार पर कोतवाली लक्सर में मु.अ.सं. 878/26, धारा 305(ए) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल के आसपास आने-जाने वाले रास्तों पर निगरानी बढ़ाई और संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों की जानकारी जुटाने के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने 8 सितंबर 2026 को दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का सामान बरामद कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उनका शिकायतकर्ता के घर पहले से आना-जाना था। उन्हें घर में नगदी और सोने-चांदी के आभूषण रखे होने की जानकारी थी। इसके बाद उन्होंने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों के मुताबिक चोरी के बाद नगदी खर्च कर दी गई, जबकि आभूषणों को बेचकर प्राप्त रकम को आपस में बांटने की योजना थी।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशीष सैनी उर्फ गादड़ पुत्र सुखबीर सैनी, निवासी ग्राम मुंडाखेड़ा कलां, लक्सर, उम्र 26 वर्ष और ललित कुमार उर्फ पाशा पुत्र मुनेश, निवासी ग्राम मुंडाखेड़ा कलां, लक्सर, उम्र 24 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी गांव के ही परिचित युवक हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पीली धातु की चैन मय लॉकेट, एक जोड़ी झुमके, अंगूठी, एक जोड़ी टॉप्स, दो बिछुए, दो सफेद धातु के सिक्के, दो पीली धातु के कड़े, फूलनुमा अंगूठी, नग लगी अंगूठी, सिंगल टॉप्स और एक जोड़ी टॉप्स बरामद किए हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी पुलिस ने बरामद की है। शिकायतकर्ता ने मौके पर बरामद आभूषणों की शिनाख्त कर उन्हें अपना बताया है।
मामले में पुलिस ने धारा 3(5) और 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है, जबकि वारदात में प्रकाश में आए अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस ने आरोपियों तक पहुंचने के लिए मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय कर दिया है।
चोरी की घटना का खुलासा करने वाली पुलिस टीम में एसएचओ प्रवीण सिंह कोश्यारी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नितिन चौहान, उपनिरीक्षक शहजाद अली, उपनिरीक्षक समीप पाण्डेय, हेड कांस्टेबल मुकेश कुमार, हेड कांस्टेबल पंचम प्रकाश, कांस्टेबल संजय कुमार और कांस्टेबल संदीप रावत शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!