
हरिद्वार / लक्सर। हरिद्वार जनपद के कोतवाली लक्सर क्षेत्र में जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान पारस पुत्र बिट्टू निवासी केशव नगर, वार्ड नंबर 10, कोतवाली लक्सर, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध .315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। इस मामले में पुलिस पहले ही एक अन्य आरोपी रितिक को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
पुलिस के अनुसार, 9 अक्टूबर 2026 को सुमित कुमार पुत्र महिपाल, निवासी अकोढ़ा कलां, कोतवाली लक्सर ने शिकायत देकर बताया था कि बहादरपुर निवासी रितिक ने अपने साथी के साथ मिलकर उसके भाई राकेश के साथ मारपीट की और जान से मारने की नीयत से उस पर फायरिंग की। शिकायत के आधार पर कोतवाली लक्सर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। दिनदहाड़े सार्वजनिक स्थान पर हुई इस गंभीर घटना का संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने प्रभारी निरीक्षक लक्सर को आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी रितिक को 11 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया था, जबकि दूसरा आरोपी पारस घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह अपने ठिकाने बदल रहा था। पुलिस उसकी तलाश में लगातार संभावित स्थानों पर दबिश दे रही थी। इसी क्रम में ठोस सुरागरसी और पतारसी के आधार पर 20 अक्टूबर 2026 को पुलिस टीम ने पारस को लक्सर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी कहीं भागने की फिराक में था। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध .315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। मामले में शामिल अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक राजेश बिष्ट, उपनिरीक्षक समीप पाण्डेय और कांस्टेबल अनिल वर्मा शामिल रहे।












