Home / मुख्य ख़बर / हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर ‘रेल जनसंवाद’ आयोजित, यात्रियों से लिया गया फीडबैक…

हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर ‘रेल जनसंवाद’ आयोजित, यात्रियों से लिया गया फीडबैक…

हरिद्वार / मुरादाबाद। मुरादाबाद मंडल द्वारा विशेष अभियान 6.0 के अंतर्गत यात्रियों की सहभागिता बढ़ाने, यात्री सुविधाओं की समीक्षा करने तथा रेलवे परिसरों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से गुरुवार को हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर ‘रेल जनसंवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, मुरादाबाद मंडल, महेश यादव ने अनेक रेल यात्रियों से सीधे संवाद स्थापित कर स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था एवं रेल सेवाओं के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, मुरादाबाद मंडल, महेश यादव ने यात्रियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं, अपेक्षाओं एवं सुझावों को ध्यानपूर्वक सुना।
संवाद के दौरान स्टेशन परिसर की साफ-सफाई, पेयजल की उपलब्धता, शौचालयों की स्वच्छता तथा अन्य यात्री सुविधाओं से संबंधित विषयों पर यात्रियों की प्रतिक्रिया प्राप्त की गई। इस पहल का उद्देश्य यात्रियों के अनुभवों एवं सुझावों के आधार पर संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा करना तथा यात्री सुविधाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में आवश्यक कदम उठाना है।
‘रेल जनसंवाद’ के माध्यम से यात्रियों को अपनी बात सीधे रेलवे प्रशासन तक पहुंचाने का अवसर प्रदान किया गया। यात्रियों से प्राप्त सुझावों एवं प्रतिक्रियाओं को व्यवस्थित रूप से संकलित करने के लिए गूगल फॉर्म के माध्यम से भी फीडबैक प्राप्त किया गया। यह पहल यात्री-केंद्रित सेवाओं को प्रोत्साहित करने तथा यात्रियों की आवश्यकताओं के अनुरूप रेलवे व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम के दौरान विशेष अभियान 6.0 के उद्देश्यों के अनुरूप स्वच्छता के प्रति भी यात्रियों को जागरूक किया गया। यात्रियों से स्टेशन परिसर, रेल पटरियों एवं रेलगाड़ियों में स्वच्छता बनाए रखने, कचरा निर्धारित डस्टबिन में डालने तथा सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी न फैलाने की अपील की गई। साथ ही, सिंगल यूज़ प्लास्टिक के उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी देते हुए इसके उपयोग से बचने तथा पर्यावरण के अनुकूल विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। कचरे के उचित पृथक्करण एवं निर्धारित डस्टबिन के उपयोग के महत्व के संबंध में भी यात्रियों को जागरूक किया गया।
मुरादाबाद मंडल द्वारा विशेष अभियान 6.0 के अंतर्गत विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर ‘रेल जनसंवाद’ के माध्यम से यात्रियों की सहभागिता सुनिश्चित करने, उनकी समस्याओं एवं सुझावों को समझने तथा स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी को बढ़ावा देने के प्रयास किए जा रहे हैं।
हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से यात्री सुविधाओं के प्रति संवेदनशीलता, जनभागीदारी और स्वच्छता के महत्व को रेखांकित किया गया। मुरादाबाद मंडल यात्रियों से प्राप्त फीडबैक को महत्व देते हुए बेहतर यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा रेलवे परिसरों में स्वच्छ एवं सुविधाजनक वातावरण बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!