
हरिद्वार / कलियर। हरिद्वार में आपराधिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे पुलिस के ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत कोतवाली कलियर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के क्रम में पुलिस टीम ने लकड़ी खरीदने-बेचने के सौदे में धोखाधड़ी के मामले में पिछले करीब दो साल से फरार चल रहे पांच हजार रुपये के इनामी आरोपी को उत्तर प्रदेश के काशी से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान अमरजीत सिंह पुत्र स्वर्गीय विजेन्द्र सिंह, निवासी जीयनचक, थाना सैदपुर, जनपद गाजीपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ 26 सितंबर 2024 को अफजाल निवासी पिरान कलियर ने लकड़ी बेचने के नाम पर छह लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली पिरान कलियर में मुकदमा संख्या 410/2024 दर्ज कराया था। मामले में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कई प्रयास किए, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार की ओर से उस पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। लगातार तलाश के बाद पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। पुलिस के मुताबिक, अमरजीत सिंह के खिलाफ उत्तर प्रदेश के विभिन्न थानों में पहले से भी कई मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कलियर कमल मोहन भंडारी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक रमेश कुमार सैनी, अपर उपनिरीक्षक रामअवतार, हेड कांस्टेबल सोनू कुमार, हेड कांस्टेबल जमशेद अली, सीआईयू रुड़की के कांस्टेबल महिपाल तथा होमगार्ड अंकित शामिल रहे।












