
हरिद्वार। हरिद्वार पुलिस परिवार में उस समय शोक की लहर दौड़ गई, जब कोतवाली झबरेड़ा में तैनात कांस्टेबल चालक प्रमोद कुमार का सड़क दुर्घटना के बाद उपचार के दौरान निधन हो गया। उनके निधन से पुलिस विभाग में शोक व्याप्त है। हरिद्वार पुलिस ने दिवंगत पुलिसकर्मी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।
19 अक्टूबर 2026 को कांस्टेबल चालक प्रमोद कुमार कोतवाली झबरेड़ा से ड्यूटी के लिए चौकी इकबालपुर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में सैदाबाद के पास वह दुर्घटनाग्रस्त हो गए। हादसे के बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए विनय विशाल चिकित्सालय, रुड़की लाया गया, जहां उपचार के दौरान उनका निधन हो गया।
20 अक्टूबर 2026 को एसएसपी हरिद्वार सहित अन्य पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने दिवंगत कांस्टेबल चालक को ससम्मान शोक सलामी दी और पुष्पांजलि अर्पित कर अंतिम विदाई दी। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
वर्ष 1998 में पुलिस विभाग में हुए थे भर्ती
कांस्टेबल चालक प्रमोद कुमार वर्ष 1998 में पुलिस विभाग में भर्ती हुए थे। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के निवासी थे और वर्तमान में अपने परिवार के साथ कोतवाली गंगनहर क्षेत्र में रह रहे थे। वह अपने पीछे पत्नी और तीन बेटियों को छोड़ गए हैं।
ॐ शांति। भावभीनी श्रद्धांजलि।













