
हरिद्वार। होली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए हरिद्वार पुलिस ने सिडकुल क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर थाना सिडकुल पुलिस ने शुक्रवार को सार्वजनिक स्थानों, शराब की दुकानों के आसपास और सड़क किनारे बैठकर शराब पीकर हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ औचक छापेमारी अभियान चलाया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने कुल 30 व्यक्तियों को पकड़कर उनके खिलाफ 81 पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की। इस दौरान 7,500 रुपये संयोजन शुल्क के रूप में वसूले गए।
पुलिस के अनुसार, पिछले कुछ समय से शिकायतें मिल रही थीं कि सिडकुल क्षेत्र की फैक्ट्रियों में छुट्टी के समय कुछ लोग शराब के नशे में महिलाओं पर फब्तियां कसते हैं और सार्वजनिक स्थानों पर अशांति फैलाते हैं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने सख्त रुख अपनाया।
पकड़े गए सभी व्यक्तियों को भविष्य के लिए कड़ी चेतावनी दी गई है कि सार्वजनिक स्थानों पर न तो शराब पीएं और न ही किसी प्रकार का हुड़दंग करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि होली के दौरान कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस टीम द्वारा की गई कार्रवाई में थानाध्यक्ष नितेश शर्मा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक देवेंद्र तोमर, उपनिरीक्षक इंद्रजीत राणा, उपनिरीक्षक अनिल बिष्ट, अपर उपनिरीक्षक अनिल कुमार, अपर उपनिरीक्षक सुभाष रावत और चेतक कर्मगण व पीएसी कर्मगण शामिल रहे।
