Home / पुलिस / आत्महत्या का दावा निकला झूठा, पत्नी और नाबालिग बेटी ने की बबलू की हत्या…

आत्महत्या का दावा निकला झूठा, पत्नी और नाबालिग बेटी ने की बबलू की हत्या…

हरिद्वार। श्यामपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम लाहड़पुर में सामने आए बबलू हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। शुरुआती तौर पर इसे आत्महत्या का मामला बताया गया था, लेकिन पुलिस जांच में हत्या की साजिश का पर्दाफाश हुआ। मामले में मृतक की पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि नाबालिग बेटी को पुलिस संरक्षण में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार 02 अप्रैल को महिला ने सूचना दी थी कि उसके पति बबलू ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली है। मौके पर पहुंची पुलिस और फील्ड यूनिट टीम को घटनास्थल संदिग्ध लगा, जिसके बाद गहन जांच शुरू की गई।
मृतक के भाई राजू की तहरीर पर श्यामपुर कोतवाली में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। पड़ोसियों और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर पूछताछ में मृतक के बेटे ने बताया कि उसकी मां और बहन ने तकिये से मुंह दबाकर पिता की हत्या की।
पूछताछ में पत्नी और नाबालिग बेटी ने खुलासा किया कि बबलू को उनके अवैध संबंधों की जानकारी हो गई थी, जिसके चलते वह अक्सर शराब पीकर मारपीट करता था। इससे परेशान होकर मां-बेटी ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची।
घटना वाले दिन बबलू को पहले शराब में नींद की दवा मिलाकर पिलाई गई। इसके बाद चारपाई पर उसके हाथ-पैर दुपट्टों से बांधकर तकिये से मुंह दबाकर हत्या कर दी गई। हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को दूसरे कमरे में ले जाकर मुंह में सल्फास का घोल डाला गया।
पुलिस ने आरोपी पत्नी की निशानदेही पर मोबाइल फोन, सल्फास का पैकेट, शराब का खाली पाउच, स्टील का गिलास, चार दुपट्टे और घटना में प्रयुक्त तकिया बरामद किया है।
एसपी सिटी ने मायापुर कार्यालय में घटना का खुलासा करते हुए बताया कि मामले में कथित पत्नी के प्रेमी और एक अन्य व्यक्ति की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है।
एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देशन में श्यामपुर पुलिस की त्वरित और स्मार्ट पुलिसिंग से मामले का खुलासा हुआ। खुलासा करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भण्डारी, अ.उ.नि. रविन्द्र गौड़, का. सुदेश खरोला, का. मनमोहन सैनी, म.का. रेशमा सुल्ताना, म.का. माधुरी, चालक मोहन सिंह रावत, म.हो.गा. रीना रानी और सीआईयू हरिद्वार से वसीम शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!