Home / पुलिस / पुलिस ने 32 किलो अवैध गांजे के साथ तीन तस्करों को दबोचा…

पुलिस ने 32 किलो अवैध गांजे के साथ तीन तस्करों को दबोचा…

हरिद्वार / कनखल। ऑपरेशन प्रहार के तहत कनखल पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 32 किलो अवैध गांजे के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी गांजे की खेप को कपड़ों के ट्रॉली बैग और कट्टे में छिपाकर ले जा रहे थे। गांजे को करीब एक-एक किलो के पैकेट बनाकर टेप से लपेटा गया था।
पुलिस के मुताबिक 23 सितंबर 2026 को कनखल पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान श्रीयंत्र पुल से बैरागी कैंप की ओर पैदल आ रहे तीन संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान दो ट्रॉली बैग और एक सफेद कट्टे से कुल करीब 32 किलो गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपियों की पहचान दिपेश पुत्र गोल्डन झा निवासी बैरागी कैंप, कनखल, रणजीत लाकड़ा पुत्र विशु लाकड़ा निवासी ठोकर नंबर 10, कनखल और आदित्य राय पुत्र मुकेश राय निवासी मीना बाजार, लोहाघाट, चम्पावत के रूप में की है। दिपेश के कब्जे से 11 किलो 35 ग्राम, रणजीत के कब्जे से 14 किलो 32 ग्राम और आदित्य के कब्जे से 7 किलो 32 ग्राम गांजा बरामद किया गया।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली कनखल में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां खपाने की योजना थी।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के नेतृत्व में, पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कनखल के नेतृत्व में की गई।
पुलिस टीम में व.उ.नि. मनोज गैरोला, उ.नि. नरेन्द्र सिंह रावत, अ.उ.नि. ललित मोहन अधिकारी, हे.का. प्रमोद शर्मा, का. रणजीत सिंह और का. गजय तोमर शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!