
देहरादून / हरिद्वार। उत्तराखंड शासन के सूचना एवं लोक संपर्क विभाग में पदोन्नति के तहत हरिद्वार में तैनात सहायक जिला सूचना अधिकारी (एडीआईओ) रती लाल को जिला सूचना अधिकारी (डीआईओ) के पद पर पदोन्नत किया गया है। महानिदेशक सूचना एवं लोक संपर्क विभाग की ओर से जारी आदेश के बाद विभागीय अधिकारियों, पत्रकारों और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है।
पदोन्नति की सूचना मिलते ही हरिद्वार प्रेस क्लब हरिद्वार में रती लाल का स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी ने उन्हें पटका पहनाकर सम्मानित किया और नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर धर्मेंद्र चौधरी ने कहा कि रती लाल अपनी सादगी, मृदुभाषी स्वभाव और कार्यकुशलता के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने सहायक जिला सूचना अधिकारी के रूप में पत्रकारों और सूचना विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने विश्वास जताया कि जिला सूचना अधिकारी के रूप में भी रती लाल अपनी ईमानदारी और समर्पित कार्यशैली से विभाग को नई दिशा देंगे।
पत्रकारों और विभागीय कर्मचारियों ने भी रती लाल की पदोन्नति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि वे हमेशा सहयोगात्मक और सकारात्मक सोच के साथ कार्य करने वाले अधिकारी रहे हैं। उनकी सहज कार्यशैली और सभी वर्गों से बेहतर संवाद स्थापित करने की क्षमता उन्हें एक लोकप्रिय अधिकारी बनाती है।
उत्तराखंड शासन के सूचना एवं लोक संपर्क विभाग द्वारा जारी पदोन्नति आदेश के तहत रती लाल को जिला सूचना अधिकारी, हरिद्वार की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वे वेतन मैट्रिक्स लेवल-7 के अंतर्गत अपने नए पद का कार्यभार ग्रहण करेंगे।
रती लाल की इस उपलब्धि पर पत्रकार संगठनों, विभागीय अधिकारियों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके सफल एवं जनहितकारी कार्यकाल की शुभकामनाएं दी हैं।
