Home / मुख्य ख़बर / हरिद्वार में चार दिवसीय हिमालयन एमएसएमई एक्सपो का भव्य शुभारंभ, पहले ही दिन उमड़ी भीड़…

हरिद्वार में चार दिवसीय हिमालयन एमएसएमई एक्सपो का भव्य शुभारंभ, पहले ही दिन उमड़ी भीड़…

हरिद्वार। शुक्रवार को प्रेमनगर आश्रम में चार दिवसीय ‘हिमालयन एमएसएमई एक्सपो’ का भव्य शुभारंभ हुआ। ‘वाइब्रेंट उत्तराखंड’ के तत्वावधान में भारती मीडिया एंड इवेंट प्राइवेट लिमिटेड द्वारा आयोजित इस एक्सपो में पहले ही दिन बड़ी संख्या में लोग, व्यापारी, उद्यमी और छात्र पहुंचे। एक्सपो में विभिन्न राज्यों के उत्पादों और आधुनिक तकनीकों से जुड़े स्टॉल आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
एक्सपो का मुख्य उद्देश्य सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों (MSME), कृषि क्षेत्र, स्टार्टअप और नए उद्यमियों को एक साझा मंच उपलब्ध कराना है। इसके माध्यम से उद्यमियों को सरकारी योजनाओं, आधुनिक तकनीक, बाजार, ब्रांडिंग और व्यापारिक नेटवर्किंग की जानकारी देने का प्रयास किया जा रहा है।
आयोजकों के अनुसार एक्सपो में केंद्र और राज्य सरकार के विभिन्न विभागों के साथ देश के करीब छह राज्यों से आए विभागों एवं कंपनियों ने भाग लिया है। प्रदर्शनी में 100 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों के साथ-साथ सिक्किम, तेलंगाना, दिल्ली सहित विभिन्न राज्यों के एग्रीकल्चर और हॉर्टिकल्चर उत्पाद प्रदर्शित किए जा रहे हैं।
एक्सपो में आयुर्वेदिक एवं हर्बल उत्पाद, फूड प्रोसेसिंग, एरोमा प्रोडक्ट्स, हस्तशिल्प, कृषि एवं हॉर्टिकल्चर उत्पाद, कोकोनट डेवलपमेंट बोर्ड से जुड़े उत्पादों के अलावा आधुनिक ड्रोन एवं टेक्नोलॉजी से संबंधित स्टॉल भी लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं।
भारती मीडिया एंड इवेंट प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि एवं सिडकुल निर्माता संघ के सचिव विवेक चौहान ने बताया कि एक्सपो उत्तराखंड के स्थानीय व्यापारियों, युवाओं और नए उद्यमियों के लिए बेहद उपयोगी मंच साबित होगा। उन्होंने कहा कि यहां स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के साथ ही अन्य राज्यों से आए विभागों और कंपनियों के साथ व्यापारिक संपर्क बढ़ाने का अवसर मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि एक्सपो के दौरान एमएसएमई ग्रोथ, स्टार्टअप, आधुनिक कृषि तकनीक और सरकारी योजनाओं से जुड़े सेमिनार, वर्कशॉप और इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस आयोजित किए जा रहे हैं। इन सत्रों के माध्यम से युवाओं और नए उद्यमियों को कारोबार शुरू करने तथा उसे आगे बढ़ाने की दिशा में जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
सिक्किम सरकार के हॉर्टिकल्चर विभाग की अधिकारी ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर के इस मंच से सिक्किम के ऑर्गेनिक और हॉर्टिकल्चर उत्पादों को देशभर में प्रदर्शित करने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से विभिन्न राज्यों के बीच व्यापारिक संबंध मजबूत होते हैं और किसानों एवं उद्यमियों को नए बाजारों तक पहुंच बनाने में मदद मिलती है।
स्थानीय व्यापारी एवं गुड लिविंग ऑर्गेनिक के निदेशक पंकज स्वन्नी ने कहा कि हरिद्वार में इस स्तर के एमएसएमई एक्सपो का आयोजन स्थानीय व्यापारियों के लिए महत्वपूर्ण है। इससे उत्पादों की ब्रांडिंग, पब्लिसिटी और नेटवर्किंग के साथ दूसरे राज्यों के व्यापारियों और कंपनियों से जुड़ने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि एक्सपो से स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार मिलेगा।
एक्सपो में क्रॉसविंड सॉल्यूशंस-ड्रोन एंड टेक की ओर से आधुनिक ड्रोन, यूएवी और रोबोटिक्स तकनीक का प्रदर्शन किया जा रहा है। कंपनी के प्रतिनिधि रोहन शर्मा ने बताया कि उनका उद्देश्य युवाओं और छात्रों को आधुनिक ड्रोन टेक्नोलॉजी, यूएवी और रोबोटिक्स के बारे में जानकारी देना है।
उन्होंने बताया कि पहले ही दिन बड़ी संख्या में छात्रों ने ड्रोन और आधुनिक तकनीक को लेकर रुचि दिखाई। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में इन क्षेत्रों में युवाओं के लिए रोजगार और नए स्टार्टअप के अवसर बढ़ सकते हैं।
हिमालयन एमएसएमई एक्सपो में उद्योग, कृषि, हॉर्टिकल्चर, हस्तशिल्प, फूड प्रोसेसिंग, स्टार्टअप और आधुनिक तकनीक से जुड़े क्षेत्रों को एक मंच पर लाने का प्रयास किया गया है। आयोजकों को उम्मीद है कि अगले दिनों में एक्सपो में आने वाले विशेषज्ञ सत्रों और कॉन्फ्रेंस से उद्यमियों, किसानों, व्यापारियों और युवाओं को नई संभावनाओं की जानकारी मिलेगी।
चार दिवसीय इस आयोजन में आने वाले दिनों में भी विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों के सत्र और कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें एमएसएमई के विस्तार, आधुनिक कृषि तकनीक, स्टार्टअप और सरकारी योजनाओं पर विशेष चर्चा होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!