Home / स्वास्थ / इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की हरिद्वार इकाई का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न…

इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की हरिद्वार इकाई का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न…

हरिद्वार। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन हरिद्वार इकाई का शपथ ग्रहण समारोह सादगी और गरिमा के साथ सपन्न हुआ। मुख्य अतिथि जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने हरिद्वार इकाई के अध्यक्ष डॉ. विपिन मेहरा, महामंत्री डॉ. प्रेम लूथरा एवं कोषाध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार सिंघल को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई, साथ ही अन्य पदाधिकारियों को भी शपथ दिलाई गई।
मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि चिकित्सकों और मरीज और उनके परिजनों के बीच आपस में संवाद लगातार बना रहना चाहिए ताकि मरीज और उसके परिजन चिकित्सक की सेवाओं से पूरी तरह संतुष्ट हो और अवगत रहे इससे चिकित्सक, मरीज व उनके परिजनों के बीच किसी तरह की भी गलतफहमी नहीं रहेगी तथा ना ही किसी तरह की विवाद की स्थिति बनेगी।
जिलाधिकारी दीक्षित ने कहा कि चिकित्सक का धर्म मानव सेवा करना है। चिकित्सकों को जब डिग्री प्रदान की जाती है तब उन्हें नि:स्वार्थ भाव से मानव सेवा करने का संकल्प दिलाया जाता है। हर चिकित्सक को अपने इस संकल्प को हमेशा याद रखना चाहिए।उन्होंने कहा कि प्रशासन के संज्ञान में  चिकित्सकों, मरीजों और उनके परिजनों के बीच कई बार विवाद होने की बातें आई है। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के पदाधिकारी के साथ बातचीत करके प्रशासन उनकी और मरीजों तथा उनके परिजनों की समस्याओं का समाधान करने का पूर्ण प्रयास करेगा। जिलाधिकारी दीक्षित ने इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के सभी पदाधिकारी और कार्यकारिणी सदस्यों को बधाई एवं शभकामनाएं दी।
इस अवसर पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन हरिद्वार की इकाई के अध्यक्ष डॉ. विपिन मेहरा ने कहा कि उनका संगठन जिलाधिकारी तथा अन्य अधिकारियों से बातचीत करके सभी समस्याओं का निदान करने का प्रयास करेगा।
उन्होंने कहा कि इस साल उनका संगठन सामाजिक सरोकारों को पूर्ण करने के लिए कई निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन करेगा। विशिष्ट अतिथि मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश सिंह ने कहा कि उनका विभाग समय-समय पर चिकित्सकों के साथ परामर्श कर उनकी समस्याओं का समाधान करने का प्रयास करता है।
इस अवसर पर संस्था के नवनिर्वाचित महामंत्री डॉ. प्रेम लूथरा ने सभी अतिथियों का आभार जताया। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन हरिद्वार इकाई के अध्यक्ष डॉ. विपिन मेहरा ने मुख्य अतिथि जिलाधिकारी मयूर दीक्षित को स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया। डॉ. लूथरा ने विशिष्ट अतिथि मुख्य  चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश सिंह को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर निर्वतमान अध्यक्ष डॉ. विकास दीक्षित एवं महामंत्री डॉ. विमल कुमार को स्मृति चिन्ह देकर भावभीनी विदाई दी गई। डॉ. यतिन्द्र नाग्यान, डॉ. संध्या शर्मा, डॉ. रविकांत शर्मा आदि उपस्थित थे।
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन हरिद्वार की इकाई के इस साल अध्यक्ष डॉ. विपिन मेहरा, महामंत्री डॉ. प्रेम लूथरा, कोषाध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार सिंघल, उपाध्यक्ष डॉ. अंजुल श्रीमाली, उपाध्यक्ष महिला डॉ. अनु लूथरा, सहसचिव डॉ. सुमंतु विरमानी, सहसचिव महिला डॉ. नेहा शर्मा, तकनीकी सचिव डॉ. मुकेश मिश्रा, सांस्कृतिक सचिव डॉ. अंकित देशवाल, राज्य प्रतिनिधि डॉ. दिनेश सिंह एवं अश्वनी चौहान, केंद्रीय प्रतिनिधि डॉ. विजय वर्मा और डॉ. एस.के. मिश्रा चुने गए। इसके अलावा कार्यकारिणी के सदस्यों में डॉ. हिमांशु त्यागी, डॉ. वंदना गुप्ता, डॉ. सुचित्रा सिंह, डॉ. राहुल आहर, डॉ. अक्षय शर्मा चुने गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!