
हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में खानपान के साथ दोस्ती, अपनत्व और पुराने रिश्तों को संजोने की अनूठी पहल के रूप में ‘अरोड़ा का रसोड़ा’ (दोस्ती का अड्डा) रेस्टोरेंट का भव्य शुभारंभ 2 नवंबर, सोमवार को होने जा रहा है। होटल हेरिटेज, चंद्राचार्य चौक, रानीपुर मोड़ स्थित रेस्टोरेंट का उद्घाटन दोपहर 12 बजे किया जाएगा। इस अवसर पर मित्रों, पूर्व छात्रों, गणमान्य व्यक्तियों एवं शहर के गणमान्य लोगों की उपस्थिति रहेगी।
कार्यक्रम में डॉ. हरिराम आर्य इंटर कॉलेज, मायापुर, हरिद्वार के पूर्व छात्र मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। खास बात यह है कि रेस्टोरेंट का शुभारंभ किसी विशिष्ट अतिथि के बजाय मित्रों, बालसखाओं, सहपाठियों, जूनियर और सीनियर साथियों के सानिध्य में किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, यह स्थान शुरू से ही मित्रता और आत्मीयता का प्रतीक रहा है और यही इसकी असली पहचान है।
‘अरोड़ा का रसोड़ा’ को केवल एक रेस्टोरेंट नहीं, बल्कि ‘दोस्ती का अड्डा’ की अवधारणा के साथ तैयार किया गया है। यहां मित्र मंडली की चाय पर चर्चा, पत्रकारों एवं बुद्धिजीवियों का विचार-विमर्श, महिलाओं की किट्टी पार्टी, परिवारों के मिलन समारोह और बच्चों के जन्मोत्सव जैसे आयोजनों के लिए भी खुशनुमा माहौल उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है। इसके साथ ही बाहर से हरिद्वार आने वाले यात्रियों को भी स्वादिष्ट भोजन और आरामदायक माहौल उपलब्ध कराने की योजना है। रेस्टोरेंट में स्वादिष्ट व्यंजन किफायती दामों पर उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया है।
रेस्टोरेंट की शुरुआत की कहानी भी काफी दिलचस्प है। वर्ष 2020 में कोरोना महामारी के कठिन दौर में संदीप अरोड़ा के ज्येष्ठ पुत्र चिंतन अरोड़ा ने इसे क्लाउड किचन के रूप में शुरू किया था। लोगों के अपार स्नेह और सहयोग से यह प्रयास काफी सफल रहा। इसके बाद कोविड महामारी समाप्त होने और लॉ कॉलेज खुलने पर चिंतन के विधि शिक्षा के लिए कोलकाता जाने के कारण इस पहल को विराम देना पड़ा। अब उसी पुराने संकल्प और लोगों के स्नेह को आगे बढ़ाते हुए संदीप अरोड़ा ने इसे नए स्वरूप में पुनः शुरू करने का निर्णय लिया है।
अरोड़ा परिवार की ओर से आयोजित इस शुभारंभ समारोह को लेकर खासा उत्साह है। संदीप अरोड़ा एवं अमित पाण्डेय ने सभी इष्ट-मित्रों, बंधु-बांधवों, पूर्व छात्रों, शुभचिंतकों और शहरवासियों को सपरिवार आमंत्रित किया है। आयोजकों का कहना है कि इस आयोजन का उद्देश्य केवल स्वादिष्ट भोजन उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि लोगों को एक ऐसा स्थान देना है, जहां दोस्ती, ममता और आत्मीयता के साथ यादगार पल बिताए जा सकें। स्वादिष्ट भोजन, सुखद माहौल और मित्रों का संगम ही ‘अरोड़ा का रसोड़ा’ की खास पहचान होगा।












