
हरिद्वार। आगामी दीपावली पर्व के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने एवं आमजन को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने निरीक्षण एवं नमूना संग्रह अभियान चलाया। खाद्य सुरक्षा आयुक्त विनय शंकर पांडेय एवं डीएम मयूर दीक्षित के निर्देशों के अनुपालन में शनिवार, 31 अक्टूबर को सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन महिमानंद जोशी के नेतृत्व में हरिद्वार नगर निगम क्षेत्र की विभिन्न मिष्ठान निर्माण इकाइयों एवं डेयरी प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया।
अभियान के दौरान वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश चंद्र टम्टा ने झंडा चौक, पीठ बाजार, ज्वालापुर स्थित किसान डेयरी से घी एवं गाय के दूध के दो विधिक नमूने जांच के लिए संग्रहित किए। वहीं ईदगाह रोड, पांवधोई ज्वालापुर स्थित पेठा निर्माण इकाई का निरीक्षण कर पेठा का एक नमूना लिया गया। निरीक्षण के दौरान निर्माण इकाई संचालक पेयजल जांच रिपोर्ट, कर्मचारियों का मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र, पेस्ट कंट्रोल एवं खाद्य पदार्थों की जांच से संबंधित अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सके। इस पर इकाई संचालक को नोटिस जारी कर सात दिनों के भीतर सभी आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
इसी क्रम में डांट मोहल्ला, ज्वालापुर स्थित बताशा एवं खिलौना निर्माण इकाई का भी औचक निरीक्षण किया गया। यहां से बताशा एवं खिलौना के दो विधिक नमूने जांच के लिए लिए गए। इस इकाई के संचालक भी मौके पर पेयजल जांच रिपोर्ट, खाद्य सामग्री की जांच रिपोर्ट, कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस एवं पेस्ट कंट्रोल संबंधी अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सके। विभाग ने संबंधित संचालक को भी सात दिन के भीतर आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
अभियान के दौरान कुल पांच विधिक नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए तथा दो निर्माण इकाइयों को नोटिस जारी किए गए। विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निर्धारित अवधि में आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत नहीं करने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि दीपावली पर्व को देखते हुए मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।












