
हरिद्वार। गुरुवार को रोटरी हरद्वार द्वारा जिला कारागार हरिद्वार में विशेष सेवा एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के तहत महिला बंदियों के स्वास्थ्य एवं स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए सेनेटरी पैड्स के पैकेट जिला कारागार हरिद्वार के अधीक्षक मनोज आर्य को उपलब्ध कराए गए।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. अलोक सारस्वत एवं जेल अधीक्षक मनोज आर्य के बीच स्वास्थ्य, स्वच्छता तथा जेल में सामाजिक सहयोग से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। इस अवसर पर करीब 40 महिला बंदियों के साथ स्वास्थ्य एवं हाइजीन संबंधी संवाद भी किया गया, जिसमें व्यक्तिगत स्वच्छता, महिलाओं के स्वास्थ्य और जागरूकता पर विशेष बल दिया गया।
रोटरी हरद्वार के सदस्यों ने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक स्वास्थ्य सुविधाएं एवं सम्मानजनक जीवन से जुड़ी मूलभूत आवश्यकताओं को पहुंचाना ही सेवा का वास्तविक उद्देश्य है। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार के सेवा कार्य लगातार जारी रखने तथा जेल प्रशासन के साथ मिलकर स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी बेहतर वातावरण तैयार करने में सहयोग देने का संकल्प व्यक्त किया।
