
हरिद्वार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर श्री पंच दशनाम जूना अखाड़े की ओर से देशभर के प्रमुख मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, हवन और अनुष्ठान किए गए।
अखाड़े के अंतरराष्ट्रीय संरक्षक श्रीमहंत हरि गिरि महाराज के निर्देश पर हरिद्वार की पौराणिक सिद्धपीठ माया देवी मंदिर और श्री आनंद भैरव मंदिर में प्रमुख पुजारी श्रीमहंत भास्कर पुरी महाराज महामंडलेश्वर हिमालय पीठाधीश्वर वीरेंद्रानंद गिरी महाराज, महंत सौरभ पुरी, महंत दिगंबर पुरी, श्रीनाथ पुरी, कोठारी महंत भीष्म गिरी के साथ साधु-संतों ने विशेष पूजा-अर्चना की।
इसके अतिरिक्त देश के सभी प्रमुख मंदिरों में मौज गिरी मंदिर प्रयागराज, गाजियाबाद स्थित दूधेश्वर महादेव मंदिर, लखनऊ स्थित मनकामेश्वर मंदिर, नासिक, उज्जैन, अयोध्या, बरेली सहित सभी प्रमुख मंदिरों और आश्रमों में विशेष आयोजन कर प्रधानमंत्री की दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की गई।
श्रीमहंत हरि गिरि महाराज ने कहा कि सनातन की रक्षा और देश की उन्नति-विकास के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयास सराहनीय हैं और उनके नेतृत्व में भारत विश्वगुरु बनने की ओर अग्रसर है। इस अवसर पर महामंडलेश्वर हिमालय पीठाधीश्वर वीरेन्द्रानंद गिरी महाराज ने कहा कि आज पूरे विश्व में भारत का परचम लहरा रहा है इसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जाता है, अंतर्राष्ट्रीय नीतियों पर उनकी सोच और दृष्टि से पूरे विश्व का परीदृश्य बदल गया है।










