
हरिद्वार / पथरी। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने भगवान विश्वकर्मा जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में विश्वकर्मा को सबसे पहला इंजीनियर बताते हुए कहा कि जो आज विकास की गति चल रही है, ऐसे ही महान विभूतियों की दूरदर्शिता से संभव हुआ है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर सभी को बधाई दी।
गुरुवार को पथरी क्षेत्र के भोगपुर मंडल में ग्राम शेरपुर में भगवान विश्वकर्मा जयंती पर पूजा का कार्यक्रम हुआ। उपस्थित सभी लोगों ने भगवान विश्वकर्मा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर पूजा की। जिसमें पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा को निर्माण एवं सृजन का देवता माना जाता है, आज हर क्षेत्र में मशीनरी और तकनीकियों से काम किया जा रहा है, यह सभी महान विभूतियों के कारण ही संभव हुआ है। उन्होंने कहा कि काम कोई छोटा या बड़ा नहीं होता, हमे किसी भी कार्य को करने में दूरी या शर्म नहीं करनी चाहिए। जिस कार्य में रूचि हो उसे ही करें, उसी में ही सफलता मिलेगी। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व की क्षमता, उनकी दूरदर्शिता और संकल्प ने देश को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है उनके नेतृत्व में भारत ने दुनिया में अपनी एक अलग पहचान बनाई है।
इस मौके पर भाजपा के सुशील पंवार, पुष्पराज सैनी, दीपक सैनी, अरविंद धीमान, पुष्पराज धीमान, जगदीश प्रसाद धीमान, मामचंद नायक, जिला पंचायत सदस्य अंकित कश्यप, अशोक धीमान, प्रमोद धीमान, मिंटू सिंह, अनमोल गोयल, सुनील धीमान आदि शामिल हुए।









