Home / बिज़नेस / रेड़ी-पटरी व्यापारियों को मिलेगा शोषण मुक्त रोजगार, नए वेंडिंग जोन होंगे विकसित: मेयर किरण जैसल…

रेड़ी-पटरी व्यापारियों को मिलेगा शोषण मुक्त रोजगार, नए वेंडिंग जोन होंगे विकसित: मेयर किरण जैसल…

हरिद्वार। प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर आत्मनिर्भर योजना एवं उत्तराखंड नगरीय फेरी नीति नियमावली के तहत नगर निगम हरिद्वार द्वारा रेड़ी-पटरी के लघु व्यापारियों को कारोबारी लाइसेंस एवं विक्रय प्रमाण पत्र वितरित किए गए। नगर निगम स्थित मेयर कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मेयर किरण जैसल ने प्रथम चरण में विभिन्न वेंडिंग जोन के स्ट्रीट वेंडर्स को वित्तीय वर्ष 2026-27 के लाइसेंस प्रमाण पत्र सौंपे।
इस दौरान ललतारो पुल-चंडी चौक मार्ग, भगत सिंह चौक से सेक्टर-02 बैरियर, ज्वालापुर पुल-जटवाड़ा सहित बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, भीमगोडा और काली मंदिर मार्ग क्षेत्र के हाथ ठेली एवं रेड़ी-पटरी व्यापारियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
मेयर किरण जैसल ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं के माध्यम से रेड़ी-पटरी के लघु व्यापारियों को संरक्षण देकर उन्हें शोषण मुक्त रोजगार उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि छोटे व्यापारी आत्मनिर्भर बनकर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं और नगर निगम शीघ्र ही सभी क्षेत्रों में सर्वे कराकर नए वेंडिंग जोन विकसित करेगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को स्वरोजगार का अवसर मिल सके।
कार्यक्रम में लघु व्यापार एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष एवं फेरी समिति सदस्य संजय चोपड़ा ने मेयर का स्वागत करते हुए कहा कि कुंभ मेला 2027 को देखते हुए नगर निगम में पंजीकृत सभी रेड़ी-पटरी व्यापारियों के लिए पार्किंग स्थलों और सार्वजनिक स्थानों के समीप स्थायी वेंडिंग जोन विकसित किए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि गंगा घाटों पर फूल-माला, बिंदी-चूड़ी और प्रसाद बेचकर हजारों महिलाएं अपने परिवार की आजीविका चला रही हैं, ऐसे में उनके लिए भी व्यवस्थित व्यापारिक व्यवस्था सुनिश्चित की जानी आवश्यक है।
कार्यक्रम में नगर निगम की ओर से वरिष्ठ लिपिक शिव सिंह चौहान, सिटी मिशन मैनेजर अंकित सिंह रमोला, कर्मचारी तनिश अहमद सहित फेरी समिति सदस्य कमल सिंह, तस्लीम अहमद, सुमन गुप्ता, आशा कश्यप, राजकुमार तथा लघु व्यापारी नेताओं में नीतीश अग्रवाल, कपिल कुमार, अनुज त्रिवेदी, लालचंद गुप्ता, विजय गुप्ता, भोला यादव, ओम प्रकाश, सुरेश कांति, मनीष शर्मा, ओमप्रकाश भाटिया, देवेश गुप्ता, सुनील कुमार, विकास सक्सेना और प्रद्युम्न सिंह समेत बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!