Home / बिज़नेस / लाइसेंसधारी लघु व्यापारियों के समर्थन में उतरे संजय चोपड़ा, बड़े आंदोलन की चेतावनी…

लाइसेंसधारी लघु व्यापारियों के समर्थन में उतरे संजय चोपड़ा, बड़े आंदोलन की चेतावनी…

हरिद्वार। नगर निगम प्रशासन द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के मार्च, अप्रैल और मई माह के लिए लाइसेंस जारी किए जाने के बावजूद कारोबार से वंचित किए जाने के आरोप को लेकर लघु व्यापारियों का आंदोलन लगातार चौथे दिन भी जारी रहा। बस अड्डा इकाई के बैनर तले नगर आयुक्त कार्यालय पर चल रहे धरना-प्रदर्शन में लघु व्यापार एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संजय चोपड़ा ने पहुंचकर व्यापारियों की मांगों का समर्थन किया। उन्होंने नगर निगम प्रशासन को मांगों का समाधान नहीं होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी।
लघु व्यापारियों का कहना है कि रेलवे रोड, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, शिवपुरी, दीनदयाल उपाध्याय पुल मार्ग, भूपतवाला, खड़खड़ी, ज्वालापुर सहित विभिन्न क्षेत्रों में स्थानीय कारोबारी और रेड़ी-पटरी के लघु व्यापारी लंबे समय से कारोबार कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम प्रशासन पर लाइसेंस प्राप्त व्यापारियों के शोषण और उत्पीड़न का आरोप लगाया।
संजय चोपड़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर योजना और उत्तराखंड नगरीय फेरी नीति नियमावली-2016 के प्रावधानों के अनुसार वर्ष 2018 में किए गए सर्वे में शामिल सभी स्ट्रीट वेंडर्स और लघु व्यापारियों को वेंडिंग जोन के रूप में व्यवस्थित एवं स्थापित किया जाना प्रस्तावित है। इसके लिए फेरी समिति की बैठकों में भी योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की जानी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि नियमों और योजनाओं के अनुरूप प्रक्रिया आगे बढ़ाने के बजाय नगर निगम प्रशासन द्वारा लाइसेंस और विक्रय प्रमाण पत्र जारी किए गए लघु व्यापारियों को उनके कारोबार से वंचित किया जा रहा है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।
संजय चोपड़ा ने कहा कि हरिद्वार नगर निगम प्रशासन को कुंभ मेला प्रशासन और सामान्य प्रशासन को भी पत्राचार के माध्यम से स्थिति से अवगत कराना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में वेंडिंग जोन चिन्हित किए गए हैं और जिन लघु व्यापारियों को लाइसेंस जारी किए गए हैं, उन्हें नियमों के तहत सम्मानजनक तरीके से रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाने चाहिए। साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के माध्यम से उन्हें सामाजिक सुरक्षा का लाभ भी मिलना चाहिए।
उन्होंने कहा कि लघु व्यापारी शहर की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और उनके हितों की अनदेखी नहीं की जानी चाहिए। यदि नगर निगम प्रशासन ने उनकी न्यायसंगत मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को व्यापक स्तर पर ले जाया जाएगा।
चार दिवसीय धरना-प्रदर्शन के समर्थन में फेरी समिति के सदस्य राजकुमार सिंह, कमल सिंह, नरेश मा. तोमर, तस्लीम अहमद, सुमन गुप्ता, आशा देवी, सुनील कुकरेती, मनीष शर्मा, उमेश कुमार, आजम अंसारी, लालचंद गुप्ता, विजय गुप्ता, नरसिंह कुमार, कपिल सिंह, नीतीश अग्रवाल, विकास, मंजू पाल, राधे कृष्णा सहित अन्य प्रतिनिधि शामिल हुए और अपने विचार व्यक्त किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!