हरिद्वार / सुमित यशकल्याण।

हरिद्वार। बुधवार को उत्तराखंड के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं हरिद्वार के विधायक मदन कौशिक ने पर्यटन से जुड़े विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों की एक मीटिंग की, जिसमें संयुक्त मोर्चा पर्यटन उद्योग, टूर ऑपरेटर एसोसिएशन उत्तराखण्ड, टैक्सी मैक्सी एसोसिएशन ऑफ हरिद्वार, टैक्सी यूनियन हरिद्वार, पुंचपुरी टेम्पो ट्रैवल एसोसियेशन हरिद्वार, ट्रैवल ट्रेड एसोसिएशन के सदस्य शामिल रहे।
चार धाम यात्रा को खुलवाने के लिए सभी संस्थाएं अपनी पुजोर कोशिश कर रही हैं, मदन कौशिक को अपनी सभी समस्यों से अवगत करवाया और अनुरोध किया कि चारधाम यात्रा खोलने के लिए सरकार माननीय उच्च न्यायालय में ठोस पैरवी करे। साथ ही यात्री वाहन स्वामियों को उचित राहत दी जाए, जिसमें दो साल का टैक्स माफी, इंश्योरेंस में छूट एवं दो साल के लिए सभी टैक्सी वाहनों की आयु बढाई जाए। सरकार की तरफ से मदन कौशिक द्वारा आश्वस्त किया गया कि जल्द ही चारधाम यात्रा शुरू हो जाएगी व वाहनों का 12 माह का टैक्स जल्दी सरकार द्वारा माफ किया जाएगा, यह आश्वासन भी दिया गया।

इसी क्रम में उपरोक्त सभी संस्था के सदस्य उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद से भी मिले और अपनी समस्याओं से अवगत करवाया। कैबिनेट मंत्री ने भी आश्वस्त किया की सरकार पुरजोर प्रयास करेगी कि माननीय उच्च न्यायालय से चारधाम यात्रा के विषय में शीघ्र ही राहत मिलेगी।
सभी संस्थाओं ने संयुक्त रूप से यह भी कहा कि सरकार अगर सकारत्मक कार्य नहीं करेगी तो सभी पर्यटन उद्योग से जुड़ी संस्थाएं पूरे प्रदेश में आंदोलन करने को बाध्य होंगे क्योंकि यह हम सब की रोजी रोटी का मामला है। अपने और अपनों पर आश्रित परिवारों के लिए अब यह समय आर-पार का हो गया है।
पर्यटन व्यवसाय से जुड़े सभी लोग अपनी समस्याओं को लेकर दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर हैं।
अगर अब राहत नहीं मिलती तो अपने आंदोलन को और अधिक धार देने का मन बना चुके हैं।
मीटिंग में मुख्य रूप से अभिषेक अहलूवालिया, गिरीश भाटिया, दीपक भल्ला, अरविंद खनेजा, विजय शुक्ला, अर्जुन सैनी, संजय शर्मा, सुनील जायसवाल, चंद्रकांत शर्मा, अंजित कुमार, हरीश भाटिया, आदि उपस्थित रहे।
