
हरिद्वार। गायक मासूम शर्मा के कार्यक्रम के विरोध में सुराज सेवा दल के दर्जनों कार्यकर्ता अध्यक्ष रमेश जोशी के नेतृत्व में रायपुर स्टेडियम की ओर रवाना हुए। पुलिस ने कार्यकर्ताओं को रास्ते में रोक लिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।
सुराज सेवा दल के अध्यक्ष रमेश जोशी ने आरोप लगाया कि इससे पहले डीएवी कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मासूम शर्मा ने मंच से मां-बहन के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया था। इस मामले में मुकदमा भी दर्ज हुआ था। उन्होंने सवाल उठाया कि उस मुकदमे में क्या कार्रवाई हुई और दोबारा मासूम शर्मा के कार्यक्रम की अनुमति कैसे दी गई।
जोशी ने आयोजकों पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि केवल पैसे कमाने के लिए ऐसे कलाकारों को कार्यक्रमों में बुलाना उचित नहीं है। देवभूमि उत्तराखंड में इस तरह की भाषा और अशोभनीय प्रस्तुति को बढ़ावा नहीं दिया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि पुलिस ने इस बार कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने से रोक दिया, लेकिन यदि भविष्य में मासूम शर्मा को किसी आयोजक ने कार्यक्रम के लिए बुलाया तो सुराज सेवा दल पूरी तैयारी के साथ विरोध करेगा। जोशी ने कहा कि संगठन कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर विरोध दर्ज कराएगा और कलाकार व आयोजकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेगा।
विरोध प्रदर्शन के दौरान अतीश मिश्रा, नितिन कटारिया, विजेंद्र, जावेद, शिवम, कुणाल, पूजा नेगी, संगीता, गीता तोमर, सीमा राजपूत, नवीन, बुल्लू, संजय, अमित अग्रवाल, दीपक राणा, लालमणि भारद्वाज, अरविंद यादव समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।









