Home / मुख्य ख़बर / एनआरआई ने दिखाएं मनीष भट्ट के दो पासपोर्ट, जांच कर कार्रवाई की मांग…

एनआरआई ने दिखाएं मनीष भट्ट के दो पासपोर्ट, जांच कर कार्रवाई की मांग…

हरिद्वार। कनाडा निवासी एनआरआई और रियल एस्टेट कारोबारी हेमंत शर्मा ने क्रिकेट टीम की फ्रेंचाइजी दिलाने के नाम पर ढाई करोड़ रुपये की धोखाधड़ी किए जाने का आरोप लगाया है। प्रेस क्लब हरिद्वार में पत्रकारों से वार्ता करते हुए हेमंत शर्मा ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर रकम वापस दिलाने की मांग की।
हेमंत शर्मा ने आरोप लगाया कि कारोबार के सिलसिले में दिल्ली में उनकी मुलाकात हरिद्वार निवासी मनीष भट्ट से हुई थी। मनीष भट्ट ने बड़े-बड़े क्रिकेट खिलाड़ियों से अपनी जान-पहचान होने का हवाला देते हुए उन्हें नॉर्दन वॉरियर की फ्रेंचाइजी दिलाने का भरोसा दिलाया। मनीष भट्ट के भरोसे में आकर उन्होंने ढाई करोड़ रुपये दे दिए। हालांकि, बाद में अनुबंध किसी अन्य टीम के साथ करा दिया गया।
हेमंत शर्मा के अनुसार, फ्रेंचाइजी नहीं मिलने और धोखाधड़ी का अहसास होने के बाद उन्होंने मनीष भट्ट से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन वह केवल व्हाट्सऐप चैट के माध्यम से बात करता है और रकम वापस मांगने पर केवल आश्वासन देता रहा। करीब एक वर्ष बीत जाने के बाद उन्होंने 17 सितंबर को हरिद्वार पहुंचकर एसएसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई।
हेमंत शर्मा ने पत्रकार वार्ता के दौरान मनीष भट्ट के दो पासपोर्ट की फोटो दिखाते हुए सरकार और प्रशासन से मामले की जांच कराने की मांग भी की। उन्होंने दावा किया कि दोनों पासपोर्ट में अलग-अलग स्थान और अलग-अलग जन्मतिथि अंकित है। हेमंत शर्मा ने कहा कि इस मामले की भी संबंधित स्तर पर जांच होनी चाहिए और यदि दस्तावेजों में अनियमितता पाई जाती है तो मनीष भट्ट के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
हेमंत शर्मा ने पुलिस प्रशासन के साथ ही मुख्यमंत्री से भी पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर उनकी रकम वापस दिलाने की गुहार लगाई। उन्होंने कहा कि प्रेसवार्ता करने का उद्देश्य लोगों को इस प्रकार की धोखाधड़ी के प्रति सावधान करना भी है, ताकि कोई अन्य व्यक्ति इस तरह के मामले का शिकार न हो।
प्रेसवार्ता के दौरान हेमंत शर्मा के साथ मौजूद सुमित चौधरी और नीरज चौधरी ने भी सरकार और प्रशासन से मामले की जांच कराकर रकम वापस दिलाने की मांग की।
वहीं, मनीष भट्ट ने सभी आरोपों को मिथ्या और बेबुनियाद बताया है। उन्होंने कहा कि आपसी रंजिश और 35 लाख रुपये की देनदारी से बचने के लिए उनके खिलाफ मनगढ़ंत आरोप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि कोर्ट में विचाराधीन 35 लाख रुपये की देनदारी के मुकदमे में वे गवाह हैं, जिसके चलते उनके ऊपर आरोप लगाए गए हैं। मनीष भट्ट ने कहा कि जिस टीम की फ्रेंचाइजी को लेकर हेमंत शर्मा का एग्रीमेंट हुआ है, वह उस टीम को भी नहीं जानते हैं। उन्होंने कहा कि वे जल्द ही इस मामले में कानूनी कार्रवाई करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!