
हरिद्वार। डिस्ट्रिक्ट बास्केटबॉल एसोसिएशन की ओर से आयोजित U-14 डिस्ट्रिक्ट बास्केटबॉल चैम्पियनशिप में खिलाड़ियों ने शानदार खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के बालक वर्ग में डीएवी पब्लिक स्कूल और बालिका वर्ग में डीपीएस रानीपुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ट्रॉफी अपने नाम की।
डिस्ट्रिक्ट बास्केटबॉल एसोसिएशन के सचिव संजय चौहान ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान कई रोमांचक और कड़े मुकाबले देखने को मिले। बालक वर्ग के फाइनल मुकाबले में डीएवी पब्लिक स्कूल और डीपीएस रानीपुर आमने-सामने रहे। डीएवी पब्लिक स्कूल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 58-38 के स्कोर से जीत दर्ज की और चैम्पियनशिप ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
वहीं, बालिका वर्ग के फाइनल मुकाबले में डीपीएस रानीपुर और डीएवी पब्लिक स्कूल के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया, लेकिन डीपीएस रानीपुर ने 36-32 के स्कोर से जीत हासिल कर ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर किया सम्मानित
प्रतियोगिता के समापन समारोह में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक एवं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता मनोज जख्मोला ने विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि खिलाड़ियों को अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए लगातार कड़ी मेहनत करनी चाहिए। मेहनत और अनुशासन के दम पर ही खिलाड़ी सफलता प्राप्त कर सकता है। उन्होंने कहा कि खेलों से बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास होता है, इसलिए हर व्यक्ति को किसी न किसी खेल से जुड़ना चाहिए।
उन्होंने कहा कि आज के यही खिलाड़ी आने वाले समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। हरिद्वार खेलों के क्षेत्र में अपनी पहचान बना रहा है और यहां की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
प्रदेश प्रवक्ता भाजपा मनोज जख्मोला ने कहा कि सरकार खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए कई योजनाएं संचालित कर रही है। इनमें उद्यमान खिलाड़ी पुरस्कार योजना, खेल महाकुंभ, खिलाड़ियों के लिए स्कॉलरशिप और टैलेंट सर्च योजना प्रमुख हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में खेलों का उज्ज्वल भविष्य है और सरकार खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है।
डिस्ट्रिक्ट बास्केटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष ललित नैयर ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी अतिथियों, आयोजकों और खिलाड़ियों का आभार व्यक्त किया तथा विजेता टीमों को शुभकामनाएं दीं।
समापन समारोह में उत्तराखंड बास्केटबॉल एसोसिएशन के सचिव मनदीप ग्रेवाल, शिवडेल स्कूल के चेयरमैन स्वामी शरदपुरी महाराज, प्रधानाचार्य अरविंद बंसल, मेयर प्रतिनिधि सुभाष जैसल, विकास तिवारी, डिस्ट्रिक्ट बास्केटबॉल एसोसिएशन के चेयरमैन रवि बजाज, सांसद प्रतिनिधि अनिल पुरी, मयंक शर्मा, लक्ष्य शर्मा, मनोरम शर्मा, इन्द्रेश गौड़, आकांक्षा शर्मा और सुभाष अदलखा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।










