
हरिद्वार। रानीपुर विधानसभा क्षेत्र की जन समस्याओं को लेकर वरिष्ठ कांग्रेस नेता संजय सैनी ने स्थानीय विधायक पर जमकर निशाना साधा। संजय सैनी ने कहा कि रानीपुर विधानसभा में जन समस्याओं का अंबार लगा हुआ है। हाल ही में नाले में डूबने से एक मासूम बच्ची की मौत हो गयी। नालों की सफाई ठीक तरीके से नहीं हो पाई, जिस वजह से यह हादसा हुआ। उन्होंने कहा कि रामधाम कॉलोनी, रावली महदूद में जलभराव की समस्या से जनता परेशान है और आज तक लोगों को इससे निजात नहीं मिली है। विधायक निधि का इस्तेमाल मात्र सड़कों तक सिमट कर रह गया है और एक ही वर्ग को लाभ पहुंचाने के लिए निर्माण कार्य किए जा रहे हैं। सैनी ने कहा कि राजा गार्डन में पानी की टंकी निर्माण और सप्लाई का कार्य प्राइवेट कंपनी को सौंपा गया है, जबकि सीवर और पानी के बिल बहुत अधिक वसूले जा रहे हैं। कुंभ निर्माण कार्यों पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि बार-बार डिवाइडर तोड़ने और बनाने का निर्णय पूरी तरह गलत है, यह धन की बर्बादी है। कुंभ के निर्माण कार्य स्थायी होने चाहिए। पुल, सड़क, सीवर और अस्पताल का निर्माण आम जनता के हित में किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि रानीपुर विधायक आदेश चौहान को मजबूती के साथ ज्वालापुर को कुंभ क्षेत्र में घोषित कराना चाहिए था, जिससे सभी वर्गों को विकास कार्यों का लाभ मिलता। उन्होंने कहा कि जनहित के मुद्दों को लेकर उनका संघर्ष जारी रहेगा। संजय सैनी ने कहा कि जनहित और विकास की सोच रखने वाले प्रतिनिधि को ही जनता का समर्थन मिलेगा और 2027 के चुनाव में रानीपुर विधानसभा की जनता इसका जवाब देगी।










