Home / पुलिस / लावारिस लाश हत्याकांड का 08 घंटे में खुलासा, साथी ही निकला कातिल…

लावारिस लाश हत्याकांड का 08 घंटे में खुलासा, साथी ही निकला कातिल…

हरिद्वार। कोतवाली नगर क्षेत्र में मायादेवी मंदिर पार्किंग में मिली लावारिस लाश के मामले में हरिद्वार पुलिस ने महज 08 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या का कारण शराब के नशे में हुई अश्लील हरकत बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, 25 मार्च को स्थानीय लोगों ने सूचना दी कि मायादेवी मंदिर पार्किंग में दो व्यक्तियों के बीच झगड़ा हो रहा है और एक युवक दूसरे के सिर पर पत्थर से हमला कर रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने एक व्यक्ति को गंभीर हालत में पाया और तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान नहीं हो पाने के कारण पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्यवाही करते हुए खुद वादी बनकर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया और जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर टीम का गठन किया गया। फोरेंसिक टीम द्वारा मौके से साक्ष्य संकलित किये गए। टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए ललतारौ पुल के पास से एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम संजीव (20 वर्ष), निवासी संभल (उत्तर प्रदेश) बताया। उसने खुलासा किया कि वह पिछले 15 दिनों से मृतक के साथ कूड़ा बीनने का काम कर रहा था। घटना के दिन दोनों ने साथ में शराब पी थी। आरोपी के अनुसार, नशे की हालत में मृतक ने उसके साथ गलत हरकत करने की कोशिश की। कई बार मना करने के बावजूद जब मृतक नहीं माना, तो गुस्से में आकर उसने पास में पड़े पत्थर से उसके सिर पर 2-3 वार कर दिए, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल पत्थर भी बरामद कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है। वहीं, मृतक की पहचान के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह के नेतृत्व में व.उ.नि. नन्दकिशोर ग्वाडी, उ.नि. चरण सिंह चौहान, उ.नि. संजीत कण्डारी, कानि. निर्मल रांगड़ की टीम ने अहम भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!