हरिद्वार। रंगों के पावन पर्व होली के अवसर पर हरिद्वार पुलिस की ओर से जनपदवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने सभी नागरिकों से प्रेम, सौहार्द और जिम्मेदारी के साथ सुरक्षित होली मनाने की अपील की है।
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि होली के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने, हुड़दंग करने या किसी भी प्रकार से कानून हाथ में लेने वालों के विरुद्ध सख़्त से सख़्त कार्रवाई की जाएगी। जनपद के संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है तथा सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद किया गया है।
पुलिस बल को लगातार गश्त करने और सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।
एसएसपी नवनीत सिंह ने अपील करते हुए कहा कि होली आपसी भाईचारे और खुशियों का त्योहार है, इसे किसी भी जाति या समुदाय के लिए अपशब्द कहकर या आपत्तिजनक व्यवहार कर खराब न करें।
साथ ही उन्होंने नागरिकों से सोशल मीडिया पर अफवाहें फैलाने से बचने की अपील की है। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल 112 डायल करें या नजदीकी थाना/चौकी से संपर्क करें।
