Home / पुलिस / पेट्रोल पंप लूटकांड का खुलासा: एक आरोपी गिरफ्तार, लूटी गई रकम का हिस्सा बरामद…

पेट्रोल पंप लूटकांड का खुलासा: एक आरोपी गिरफ्तार, लूटी गई रकम का हिस्सा बरामद…

हरिद्वार / मंगलौर। हरिद्वार पुलिस ने मंगलौर क्षेत्र में हुए पेट्रोल पंप लूटकांड के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से लूटी गई धनराशि का हिस्सा भी बरामद किया गया है, जबकि वारदात में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की लगातार दबिश जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लक्सर निवासी मौ. मन्नान ने कोतवाली मंगलौर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके पेट्रोल पंप पर तीन अज्ञात बदमाशों ने धावा बोलकर मारपीट की और 25,300 रुपये की नकदी लूटकर फरार हो गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने धारा 309(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर कोतवाली मंगलौर में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तकनीकी एवं डिजिटल साक्ष्य जुटाए तथा संदिग्धों की गतिविधियों का गहन विश्लेषण किया। लगातार की गई मेहनत और सटीक सूचना तंत्र के आधार पर पुलिस ने वारदात में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अंकुश उर्फ भौंदा पुत्र पप्पू निवासी ग्राम नजरपुरा, थाना कोतवाली मंगलौर, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूट की रकम में से 3,700 रुपये नकद बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपी से घटना से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिलने की संभावना जताई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, वारदात में शामिल अन्य दो फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही शेष आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक कलकांत रतूड़ी, कांस्टेबल रोशन, कांस्टेबल पप्पू और कांस्टेबल अंकित शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!