हरिद्वार। आगामी कांवड़ यात्रा 2026 को सकुशल, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से हरिद्वार पुलिस ने सभी कांवड़ यात्रियों का स्वागत करते हुए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं। पुलिस एवं जिला प्रशासन ने कहा है कि यात्रा को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित बनाने के लिए सभी श्रद्धालुओं का सहयोग आवश्यक है।
हरिद्वार पुलिस ने अपील की है कि सभी शिवभक्त पुलिस और प्रशासन द्वारा जारी नियमों एवं निर्देशों का पालन करें। यात्रा के दौरान जुगाड़ वाहन तथा रेट्रो साइलेंसर वाले वाहनों का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
पुलिस ने सुरक्षा की दृष्टि से पैदल जल लेकर जाने वाले कांवड़ियों की कांवड़ की अधिकतम ऊंचाई 06 फीट तथा कांवड़ झांकी की अधिकतम ऊंचाई 10 फीट निर्धारित की है, ताकि ऊंची विद्युत लाइनों से टकराने जैसी दुर्घटनाओं से बचा जा सके और अन्य श्रद्धालुओं को भी असुविधा न हो।
इसके अलावा कांवड़ यात्रा में किसी भी प्रकार के नुकीले भाले, त्रिशूल, तलवार या अन्य हथियार लाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि हरिद्वार में शराब या किसी भी प्रकार के मादक पदार्थों का सेवन अथवा उनके प्रभाव में प्रवेश करना भी प्रतिबंधित है।
हर कांवड़ यात्री से वैध पहचान पत्र (आईडी) अपने साथ रखने की अपील की गई है। साथ ही रेल मार्ग से यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को चेतावनी दी गई है कि चलती ट्रेन की छत या अन्य असुरक्षित स्थानों पर यात्रा करना कानूनन अपराध है। ऐसा करने वालों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।
हरिद्वार पुलिस ने श्रद्धालुओं से कांवड़ यात्रा के दौरान आपसी विवाद, मारपीट या किसी भी प्रकार का तनाव पैदा न करने की भी अपील की है। पुलिस ने कहा कि कांवड़ यात्रा का उद्देश्य भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करना है, न कि अशांति या विवाद फैलाना।
हरिद्वार पुलिस ने सभी शिवभक्तों से सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा है कि नियमों का पालन करें और कांवड़ यात्रा 2026 को सुरक्षित, अनुशासित एवं सफल बनाने में अपनी सहभागिता निभाएं।
