Home / पुलिस / कांवड़ यात्री को गोली मारने की घटना का खुलासा, 04 आरोपी हिरासत में…

कांवड़ यात्री को गोली मारने की घटना का खुलासा, 04 आरोपी हिरासत में…

हरिद्वार / कनखल। गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के पास कांवड़ यात्रा के दौरान एक यात्री को गोली मारने की सनसनीखेज घटना का हरिद्वार पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए चार आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
जानकारी के अनुसार सोमवार देर रात डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि गुरुकुल कांगड़ी के पास कांवड़ लेकर लौट रहे एक युवक को बाइक सवार युवकों ने गोली मार दी है। सूचना मिलते ही कोतवाली कनखल पुलिस, क्षेत्राधिकारी नगर और फील्ड यूनिट की टीम मौके पर पहुंच गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि उत्तर प्रदेश और हरियाणा से जल लेकर लौट रहे चार कांवड़ यात्रियों की 6-7 बाइक सवार युवकों से कहासुनी हो गई थी। मामूली विवाद और आपसी टिप्पणी के बाद मामला इतना बढ़ गया कि एक युवक ने कांवड़ यात्री अजय पुत्र नरेश निवासी पानीपत (हरियाणा) को गोली मार दी।
घायल अजय को पुलिस और साथियों की मदद से तत्काल भूमानंद अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस टीमों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी शिवराज पुत्र जबर सिंह (20 वर्ष) निवासी शांतिपुरम कॉलोनी, जगजीतपुर, कनखल को घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित हिरासत में ले लिया। इसके अलावा आदित्य कुमार, हेमंत कुमार और वंश गुप्ता को भी उनके संभावित ठिकानों पर दबिश देकर हिरासत में लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोतवाली कनखल में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों का गठन कर लगातार दबिश दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!