Home / पुलिस / कानून के आगे निकली हनक, पुलिस से बदसलूकी करने वाले तीन लोगों पर मुकदमा…

कानून के आगे निकली हनक, पुलिस से बदसलूकी करने वाले तीन लोगों पर मुकदमा…

हरिद्वार। सोमवती अमावस्या स्नान पर्व के दौरान यातायात व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने और ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों से अभद्रता करने के मामले में हरिद्वार पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए ऑडी कार सवार तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने वाहन को भी सीज कर दिया है।
जानकारी के अनुसार स्नान पर्व के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस बल विभिन्न स्थानों पर तैनात था। इसी दौरान एक ऑडी कार में सवार पति, पत्नी और उनके देवर ने यातायात नियमों की अनदेखी करते हुए पुलिस कर्मियों से अभद्र व्यवहार किया तथा ड्यूटी में बाधा पहुंचाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।
पुलिस कार्रवाई के बाद तीनों आरोपियों ने अपने व्यवहार के लिए माफी भी मांगी, लेकिन कानून के तहत आवश्यक कार्रवाई जारी रखी गई। पुलिस ने ऑडी कार को सीज कर दिया है।
हरिद्वार पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि कानून की नजर में सभी समान हैं और किसी भी व्यक्ति को नियमों का उल्लंघन करने या पुलिस कर्मियों के साथ अभद्रता करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। पुलिस ने कहा कि यातायात व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने तथा ड्यूटी पर तैनात कर्मियों से दुर्व्यवहार करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन “प्रहार” के तहत कानून व्यवस्था और यातायात व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!