
हरिद्वार। जनपद में चल रही बोर्ड परीक्षाओं के बीच एक बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। कोतवाली रानीपुर पुलिस ने हाईस्कूल की बोर्ड परीक्षा में दूसरे परीक्षार्थियों के स्थान पर परीक्षा दे रहे 04 युवतियों सहित 07 कथित ‘मुन्ना/मुन्नी’ को गिरफ्तार किया है। एक अन्य संदिग्ध मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
मामला राजकीय इण्टर कालेज सलेमपुर का है, जहां 24 फरवरी को हिन्दी विषय की बोर्ड परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा के दौरान 04 युवतियां और 03 युवक दूसरे परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र पर अपने फोटो चस्पा कर परीक्षा देते हुए पकड़े गए।
विद्यालय के प्रधानाचार्य सुरेश चन्द्र द्विवेदी की लिखित तहरीर पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज किया। आरोपियों के खिलाफ मु.अ.सं. 59/2026 के तहत धारा 318(2), 319(2), 61(2) बीएनएस तथा सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम की धारा 3/6 में अभियोग पंजीकृत किया गया है।
पुलिस ने संवेदनशीलता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई करते हुए नामजद 07 आरोपियों को हिरासत में ले लिया। उनके कब्जे से फर्जी प्रवेश पत्र भी बरामद किए गए हैं। फरार एक अन्य संदिग्ध की तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपित…
1- गुलफाम पुत्र मोहम्मद युसुफ, निवासी चमरिया लालढांग, हरिद्वार, 21 वर्ष।
2- कृष्ण पाल पुत्र मामचन्द, निवासी रावली महदूद, हरिद्वार, 24 वर्ष।
3- कैफ पुत्र मोहम्मद जावेद, निवासी सुल्तानपुर, हरिद्वार, 19 वर्ष।
4- 04 युवतियां (नाम गोपनीय)
कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक आशुतोष राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय रही, जिसमें प्रदीप कुमार, मंदीप सिंह, संजय बलूनी, गंभीर तोमर, दीप गौड़, महिला कांस्टेबल अनीता व सुमन शामिल रहीं।
