हरिद्वार। चारधाम यात्रा के लिए ऋषिकुल मैदान स्थित रजिस्ट्रेशन सेंटर पर यात्रियों की भीड़ बढ़ने के साथ ही चोर-टप्पेबाज भी सक्रिय हो गए हैं। भीड़ का फायदा उठाकर एक युवक ने महिला यात्री का मोबाइल पार कर लिया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार रविवार को नेपाल से आए यात्रियों का एक दल रजिस्ट्रेशन के लिए सेंटर पहुंचा था। दल में शामिल एक महिला अपने पति राम भंडारी के साथ वरिष्ठ नागरिक काउंटर पर लाइन में खड़ी थी और कर्मचारी से बातचीत कर रही थी। इसी दौरान एक युवक चुपचाप उसके पीछे आकर खड़ा हो गया। सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि युवक ने हाथ में रुमाल लेकर बड़ी चालाकी से महिला के पर्स की चेन खोली और मोबाइल निकालकर फरार हो गया। भीड़ अधिक होने के कारण महिला को घटना की भनक तक नहीं लगी। कुछ देर बाद जब उसने पर्स चेक किया तो मोबाइल गायब था, जिसके बाद उसने शोर मचाया। सूचना पर मौके पर मौजूद कर्मचारी और अन्य यात्री जुट गए। सीसीटीवी चेक करने पर चोरी की पूरी घटना सामने आई। घटना के बाद रजिस्ट्रेशन सेंटर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। यात्रियों का कहना है कि पुलिस और कैमरों की मौजूदगी के बावजूद चोर सक्रिय हैं, जबकि अभी भीड़ भी पूरी तरह नहीं बढ़ी है।
नगर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है, जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।
