
हरिद्वार। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर गुरुवार को प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी के साथ राज्य में वन्यजीव सप्ताह-2026 का भी शुभारंभ हुआ। वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरण के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से वन विभाग की ओर से विभिन्न रेंजों में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
हरिद्वार वन प्रभाग की विभिन्न रेंजों में वन्यजीव संरक्षण को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। हरिद्वार रेंज में उप प्रभागीय वनाधिकारी हरिद्वार एवं वन क्षेत्राधिकारी शीशपाल सौंडियाल के नेतृत्व में जनजागरूकता रैली निकाली गई। रैली में एनसीसी कैडेट्स के साथ ही विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
इस दौरान वन क्षेत्राधिकारी शीशपाल सौंडियाल ने विद्यार्थियों को वन्यजीवों के संरक्षण, संवर्धन और मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वन्यजीव और वन पर्यावरणीय संतुलन के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं और इनके संरक्षण में आमजन की सहभागिता आवश्यक है। कार्यक्रम में हरिद्वार रेंज का समस्त वन स्टाफ मौजूद रहा।
गांधी जयंती के अवसर पर लैंसडौन वन प्रभाग में भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। वन्यजीव सप्ताह के शुभारंभ को लेकर वनकर्मियों में उत्साह नजर आया। जहरीखाल रेंज में रेंज अधिकारी गणेश बहुगुणा के नेतृत्व में व्यापक सफाई अभियान चलाया गया।
सफाई अभियान के दौरान वन क्षेत्रों और आसपास के स्थानों की स्वच्छता पर विशेष जोर दिया गया। इस अवसर पर वनकर्मियों ने वन्यजीव संरक्षण एवं संवर्धन को लेकर विचार-विमर्श किया और वन एवं वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया। वन विभाग की ओर से वन्यजीव सप्ताह के दौरान आमजन को वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।










