Home / मुख्य ख़बर / मदर-डे पर वसुधैव कुटुम्बकम् फाउंडेशन की अनूठी पहल, जरूरतमंद बच्चों को बांटी शिक्षा सामग्री…

मदर-डे पर वसुधैव कुटुम्बकम् फाउंडेशन की अनूठी पहल, जरूरतमंद बच्चों को बांटी शिक्षा सामग्री…

हरिद्वार। सेवा, संस्कार और शिक्षा को समर्पित संस्था वसुधैव कुटुम्बकम् फाउंडेशन द्वारा मदर-डे के अवसर पर कनखल आर्यनगर रोड स्थित पतंजलि योगधाम आश्रम में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान जरूरतमंद एवं वंचित वर्ग के बच्चों को शिक्षा सामग्री वितरित कर उन्हें शिक्षा के प्रति प्रेरित किया गया।
‘शिक्षा दान-महादान’ एवं ‘मातृशक्ति को नमन’ थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों के साथ मदर-डे भी मनाया गया। बच्चों ने फाउंडेशन की महिला सदस्यों के साथ केक काटकर मातृ स्नेह के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर संस्था की ओर से बच्चों एवं उपस्थित लोगों के लिए अल्पाहार की व्यवस्था भी की गई। शिक्षा सामग्री पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
संस्था की अध्यक्ष रेनू अरोड़ा ने कहा कि एक शिक्षित बच्चा ही सशक्त राष्ट्र का निर्माण करता है और संस्था का प्रयास है कि आर्थिक अभाव किसी भी बच्चे की पढ़ाई में बाधा न बने। उन्होंने कहा कि मदर-डे पर बच्चों को यह एहसास कराने का प्रयास किया गया कि पूरा समाज ही उनका परिवार है।
संस्था की उपाध्यक्ष प्रीति आहूजा ने कहा कि शिक्षा के साथ संस्कार देना भी समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि “पढ़ेगा भारत, तभी तो बढ़ेगा भारत” की भावना के साथ संस्था लगातार जरूरतमंद बच्चों के लिए कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में संस्था की सदस्य निधि अग्रवाल, विनीता सिकोरिया, सोनिया अरोड़ा, संगीता, निधि चावला, रुचि तनेजा, रुचि अरोड़ा और सोनिया भाटिया सहित अन्य महिलाओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई। सभी ने बच्चों के साथ समय बिताकर उन्हें शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक किया और मातृवत स्नेह प्रदान किया।
कार्यक्रम के अंत में आश्रम प्रबंधन एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और मातृशक्ति के सम्मान की कामना की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!