Home / मुख्य ख़बर / दुःखद सड़क हादसा: श्रद्धालुओं से भरी बस पलटी, एक महिला की मौत, 38 घायल…

दुःखद सड़क हादसा: श्रद्धालुओं से भरी बस पलटी, एक महिला की मौत, 38 घायल…

हरिद्वार। हरिद्वार के सप्तऋषि चौकी क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। राजस्थान के नागौर जिले से आए श्रद्धालुओं को लेकर जा रही एक बस हाईवे पर डंपर की टक्कर लगने से पलट गई। हादसे में एक महिला श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि 38 लोग घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, राजस्थान के नागौर जिले के करीब 45 श्रद्धालु पूर्णिमा स्नान के लिए हरिद्वार आए थे और भूपतवाला स्थित घांची धर्मशाला में ठहरे हुए थे। श्रद्धालुओं के दल में कुल तीन बसें शामिल थीं। सोमवार सुबह सभी श्रद्धालु स्नान के बाद वापस राजस्थान लौट रहे थे।
इसी दौरान बस संख्या AR06-C-0963 धर्मशाला से निकलकर सर्विस लेन से हाईवे पर हरिद्वार की ओर मुड़ रही थी। तभी देहरादून की ओर से हरिद्वार आ रहे डंपर संख्या UK08-CB-8077 ने बस को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस अनियंत्रित होकर पलट गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। पुलिसकर्मियों ने तत्काल घायलों को जिला मेला अस्पताल और महिला अस्पताल हरिद्वार पहुंचाया। दुर्घटना में 30 महिलाएं, 06 पुरुष और 02 बालिकाएं समेत कुल 38 लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों का उपचार जारी है।
हादसे में एक महिला श्रद्धालु की मौत हो गई। मृतका के शव को जिला अस्पताल हरिद्वार की मोर्चरी में रखवाया गया है। घायलों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है तथा सभी को आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
अधिक जानकारी के लिए प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर हरिद्वार से मोबाइल नंबर 9411112827 पर संपर्क किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!