
हरिद्वार। डिस्ट्रिक्ट वुशु एसोसिएशन, डायनेमिक स्पोर्ट्स एकेडमी मिस्सरपुर और जन अधिकार अभियान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय खेल दिवस समारोह धूमधाम के साथ संपन्न हुआ। समारोह में महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर विभिन्न खेलों के खिलाड़ियों, खेल शिक्षकों और कोच को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह, रुद्राक्ष की माला और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में रानीपुर विधायक आदेश चौहान मुख्य अतिथि रहे, जबकि अध्यक्षता समाजसेवी जगदीश लाल पाहवा ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में समाजसेवी एवं बॉक्सिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. विशाल गर्ग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. राधिका नागरथ ने किया तथा आरती सैनी ने आभार व्यक्त किया।
खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए विधायक आदेश चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘खेलो इंडिया’ अभियान खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन करने और अच्छे स्तर का खिलाड़ी बनने के लिए निरंतर प्रोत्साहित कर रहा है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को हॉकी खिलाड़ी वंदना कटारिया जैसी खेल के प्रति निष्ठा और समर्पण की भावना अपने भीतर विकसित करनी चाहिए। उत्तराखंड राज्य बनने के बाद हरिद्वार सहित प्रदेश के खिलाड़ियों को प्रांतीय और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के बेहतर अवसर मिले हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में पहली बार राष्ट्रीय खेलों का आयोजन हुआ, जिसमें प्रदेश के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ ही शरीर को स्वस्थ रखने और मानसिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेल जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने युवाओं और खिलाड़ियों से स्वामी विवेकानंद के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
डिस्ट्रिक्ट वुशु एसोसिएशन हरिद्वार की सचिव एवं राष्ट्रीय सेल्फ डिफेंस कोच आरती सैनी ने सम्मानित होने वाले सभी खिलाड़ियों और कोच को बधाई देते हुए कहा कि मेहनत का कोई विकल्प नहीं है। एक अच्छा खिलाड़ी बनने के लिए लगन, अनुशासन और निरंतर मेहनत सबसे जरूरी है। पूर्व राष्ट्रीय क्रिकेट कोच प्रकाश जोशी ने कहा कि हरिद्वार जिले में खेल प्रतिभाओं की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि नवनिर्मित स्टेडियम में बच्चों को प्रवेश निशुल्क दिया जाए, ताकि कोच वहां बेहतर तरीके से खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दे सकें। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना स्थानीय प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।
समाजसेवी जगदीश लाल पाहवा ने सभी खिलाड़ियों और खेल प्रशिक्षकों को शुभकामनाएं दीं। डॉ. विशाल गर्ग ने खेल दिवस की बधाई देते हुए खिलाड़ियों से अर्जुन की तरह अपने लक्ष्य पर निरंतर ध्यान केंद्रित रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि लक्ष्य के प्रति एकाग्रता और निरंतर प्रयास से ही जीवन में अभूतपूर्व सफलता हासिल की जा सकती है। इस अवसर पर श्री मिथिलेश सनातन धर्म इंटर कॉलेज कनखल के वरिष्ठ शिक्षक गगन वीर सिंह, डिवाइन लाइट स्कूल के प्रबंधक लक्ष्मीकांत सैनी, समाजसेवी एवं आर्य समाज के प्रमुख लालचंद सैनी, उत्तराखंड के जाने-माने एथलीट भारत भूषण तथा गुरुकुल सुल्तानपुर के मदन मोहन मालवीय संस्थान के संजीव चौहान सहित अन्य अतिथियों ने भी अपने विचार रखे।
समारोह में मुख्य अतिथि आदेश चौहान, विशिष्ट अतिथि जगदीश लाल पाहवा एवं डॉ. विशाल गर्ग, वरिष्ठ शिक्षक गगन वीर सिंह, लेखक-विचारक डॉ. राधिका नागरथ, वुशु एवं सेल्फ डिफेंस की राष्ट्रीय कोच आरती सैनी, शिक्षाविद् लक्ष्मीकांत सैनी और समाजसेवी लालचंद सैनी का अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह, रुद्राक्ष एवं पुष्पमाला भेंट कर अभिनंदन किया गया। इसके साथ ही विभिन्न खेलों के खेल शिक्षकों, कोच और खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सुनील दत्त पांडेय, सुशील कुमार शर्मा, कृष्णानंद जोशी, गंभीर सिंह राणा, मयंक गुप्ता, तुषार गौतम सहित अनेक लोग मौजूद रहे।
इन कोच और खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित: राष्ट्रीय क्रिकेट कोच प्रकाश जोशी, राष्ट्रीय एथलीट्स कोच भारत भूषण, स्टेट कबड्डी कोच धर्मेंद्र चौहान, बैडमिंटन खिलाड़ी मनोज खन्ना, राष्ट्रीय योग कोच ईशा सैनी, राष्ट्रीय वुशु कोच लव कुश एवं शिवांश, राष्ट्रीय वुशु खिलाड़ी वंशिका एवं वर्षा, एथलीट कुमारी अंतिमा, वॉलीबॉल खिलाड़ी हिमांशु थपलियाल तथा क्रिकेट खिलाड़ी दिव्यांश और कृष्णा को सम्मानित किया गया।









