
हरिद्वार। जगजीतपुर स्थित शिवडेल स्कूल में डिस्ट्रिक्ट बास्केटबॉल एसोसिएशन एवं शिवडेल स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में शिक्षक सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक और रानीपुर विधायक आदेश चौहान रहे। समारोह में शिक्षा, संस्कार और समाज निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि शिक्षक समाज के वास्तविक मार्गदर्शक होते हैं। शिक्षक केवल विद्यार्थियों को शिक्षा प्रदान नहीं करते, बल्कि उनके व्यक्तित्व और चरित्र का निर्माण कर उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा भी देते हैं। राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में शिक्षकों की भूमिका सर्वोपरि है।
रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र की दिशा तय करने वाली महत्वपूर्ण शक्ति हैं। एक शिक्षक अपने ज्ञान के साथ विद्यार्थियों में संस्कार, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना विकसित करता है। आज के विद्यार्थी ही कल देश का नेतृत्व करेंगे, इसलिए उनके चरित्र निर्माण में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। शिक्षक सम्मान जैसे आयोजन समाज में शिक्षकों के प्रति सम्मान और उनके योगदान की महत्ता को और मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम में विभाग प्रचारक राकेश कुमार ने भी शिक्षकों को संबोधित करते हुए उनके समर्पण और सेवाभाव की सराहना की। उन्होंने कहा कि शिक्षक अपने ज्ञान और संस्कारों के माध्यम से आने वाली पीढ़ियों को सही दिशा प्रदान करने का कार्य करते हैं।
शिवडेल स्कूल के प्रबंधक स्वामी शरद पुरी महाराज ने कहा कि शिक्षक सम्मान वास्तव में पूरी शिक्षा व्यवस्था का सम्मान है। शिक्षा ही समाज को संस्कारित, जागरूक और सशक्त बनाने का माध्यम है। उन्होंने सभी शिक्षकों को उनके समर्पण और सेवाभाव के लिए शुभकामनाएं दीं।
डिस्ट्रिक्ट बास्केटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष ललित नैयर ने कहा कि शिक्षा और खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के दो महत्वपूर्ण आधार हैं। शिक्षकों और खेल प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन से युवा प्रतिभाओं को अपनी क्षमता पहचानने और आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।
समारोह के दौरान उपस्थित शिक्षकों को सम्मानित किया गया और शिक्षा, संस्कार तथा खेल के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम का मंच संचालन मयंक शर्मा ने किया।
इस अवसर पर रवि बजाज, मेयर प्रतिनिधि सुभाष चंद, विकास तिवारी, बलराम कपूर, अनिल पुरी, अभिनव चौहान, दीपांशु विद्यार्थी, गुलशन अदलाखा, अंकुश रोहिला, मयंक गुप्ता, अर्श नैयर और पार्थ मोदी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, गणमान्य व्यक्ति एवं अतिथिगण मौजूद रहे।









