हरिद्वार। गर्मी के बढ़ते प्रकोप के बीच जंगलों में रहने वाले वन्यजीवों के सामने पानी का संकट गहराने लगा है। प्राकृतिक जल स्रोत और तालाब सूखने के कारण जानवरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे हालात को देखते हुए हरिद्वार वन विभाग ने सराहनीय पहल करते हुए वन्यजीवों के लिए विशेष इंतजाम किए हैं।
वन विभाग द्वारा हरिद्वार रेंज के अंतर्गत पथरी जंगल क्षेत्र में 04 नए वाटर हॉल (छोटे तालाब) तैयार किए गए हैं। इन जलाशयों में नियमित रूप से पानी भरा जा रहा है, ताकि जानवरों को पीने के लिए पर्याप्त पानी मिल सके। इसके साथ ही पहले से बने 03 वाटर हॉल की मरम्मत कर उन्हें भी पुनः सक्रिय किया गया है और उनमें पानी भरकर निगरानी बढ़ा दी गई है।
इन व्यवस्थाओं का सकारात्मक असर भी देखने को मिल रहा है। जंगल में रहने वाले हाथी, गुलदार, चीतल और सांभर जैसे वन्यजीव इन वाटर हॉल तक पहुंचकर अपनी प्यास बुझा रहे हैं। खास बात यह है कि हाथी जैसे विशाल जीव इन जलाशयों में अटखेलियां करते हुए भी नजर आ रहे हैं, जो इस पहल की सफलता को दर्शाता है।
हरिद्वार रेंजर शीशपाल सिंह ने बताया कि गर्मी के मौसम में वन्यजीवों को पानी के लिए जंगल से बाहर न भटकना पड़े, इसके लिए लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। साथ ही जरूरत पड़ने पर और भी वाटर हॉल तैयार करने की योजना पर काम किया जा रहा है।
इस पहल से न सिर्फ वन्यजीवों को राहत मिल रही है, बल्कि मानव-वन्यजीव संघर्ष की संभावनाएं भी कम हो रही हैं।
