Home / मुख्य ख़बर / रेड अलर्ट: हरिद्वार में 20 जुलाई को सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद, डीएम ने जारी किए आदेश…

रेड अलर्ट: हरिद्वार में 20 जुलाई को सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद, डीएम ने जारी किए आदेश…

हरिद्वार। भारत मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून द्वारा 20 जुलाई को जनपद हरिद्वार के कुछ क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी तथा कहीं-कहीं अत्यंत भारी वर्षा की संभावना जताते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है। इसके मद्देनज़र जिला प्रशासन ने एहतियातन जनपद के सभी विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों को सोमवार, 20 जुलाई 2026 को बंद रखने के आदेश जारी किए हैं।
जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण मयूर दीक्षित द्वारा जारी आदेश के अनुसार, आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 की धारा 30(2) के तहत प्राप्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए जनपद के सभी राजकीय, परिषदीय, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों तथा समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन 20 जुलाई (सोमवार) को पूर्णतः बंद रहेगा।
आदेश में कहा गया है कि मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार भारी वर्षा के चलते नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने की आशंका है। ऐसे में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है।
जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों, तहसीलों एवं संबंधित विभागों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि यदि कोई विद्यालय या संबंधित विभाग आदेश की अवहेलना करता है तो उसके विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के तहत नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि रेड अलर्ट के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें तथा मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!