“हिमालय पर्यावरणीय स्वरूप” विषय पर आधारित “देवभूमि हरित संवाद” हरित संवाद का आयोजन…

हरिद्वार। गुरुवार को “हिमालय पर्यावरणीय स्वरूप” विषय पर आधारित “देवभूमि हरित संवाद” हरित संवाद का आयोजन गरीबदासीय आश्रम में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अथिति के रूप में लोकभारती के राष्ट्रीय संगठन मंत्री बृजेन्द्र पाल उपस्थिति रहे, हरित संवाद की अध्यक्षता आश्रम के परमाध्यक्ष स्वामी रविदेव शास्त्री ने की।
हरित संवाद को संबोधित करते हुए लोक भारती के राष्ट्रीय संगठन मंत्री बृजेन्द्र पाल ने कहा कि लोकभारती समाज के विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करने वाले संगठनों संस्थाओं को जोड़ कर समाज और देश के विकास तथा पर्यावरणीय क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य कर रही है, उन्होंने बताया कि वृक्षारोपण, मंगल वाटिका, हरि शंकरीय माला अभियान तथा नदियों के विकास के लिए लोकभारती द्वारा निरन्तर प्रयास किये जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में विभिन्न प्रकार के लाभकारी वृक्ष लगाकर वाटिकाएं बनायी जा रही है, इन्हें मंगल वाटिकाएं नाम दिया गया है, जिसमें आम, पीपल, अशोक बरगद एवं आंवला (पंचपल्लव) वाटिकाएं शामिल है, इसके अतिरिक्त रोजगार परक वाटिकाओं में महुआ, सहजन, बांस एवं सहतूत के पौधे तथा स्वास्थ्य एवं मानव जीवन के लिए उपयोगी वाटिकाओं में नीम, जामुन, अर्जुन, हर्र्ड, बहेड़ा एवं आंवला के वृक्ष लगाये जा रहे हैं।
हरी शंकरीय वाटिकाओं में बरगद, पीपल एवं पिलखन के वृक्ष लगाये जा रहे हैं, ये वृक्ष जमीन के अन्दर पानी को रोकते है तथा भूमिगत जलस्तर बनाये रखते है।
हरित संवाद को संबोधित करते हुए लोकभारती के सहराष्ट्रीय संगठन मंत्री गोपाल उपाध्याय ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि लोकभारती द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में लोकल गायों के घर-घर पालने (संवर्धन) के लिए अभियान चलाया जा रहा है, इससे गाय के गोबर का उपयोग खाद के रूप में खेतों में किया जा रहा है तथा प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। नगरीय क्षेत्रों में लोकभारती ने घरों के कूड़े-कचरे को गला कर तरल खाद बनाने का अभियान चलाया है, जिसका उपयोग खेती में हो रहा है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में 01 दिन में 159 ग्राम सभाओं में तथा 17 न्याय पंचायतों में एक साथ टोली बनाकर हरि शंकरीय वाटिकाएं लगायी गयी हैं। उन्होंने कहा कि लोक भारती में गोमती नदी के विकास एवं संरक्षण के लिए कार्य किया जा रहा है।
इसके अलावा शाहजहाँपुर में भैंसी नदी आदि कई नदियों के विकास का कार्य किया जा रह है। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा भी इस अभियान में सहयोग देने के लिए एक जिला एक नदी अभियान का शासनादेश जारी किया गया है।
हरित संवाद को संबोधित करते हुए भारतीय वृक्ष न्यास के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय पाल बघेल ने बताया कि देश में हमारी संस्था द्वारा 84 गौरा देवी वाटिका लगाने का कार्य पूरा कर लिया गया है | शीघ्र ही 100 से अधिक वाटिकाएं लगाने का लक्ष्य पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि गौर देवी के जन्मशताब्दी वर्ष 2025 में वृक्षरोंपण के लिए जन जागरण अभियान जारी है।
हरित संवाद को संबोधित करते हुए भारतीय वृक्ष न्यास के संरक्षक जगदीश लाल पाहवा ने कहा कि लोक भारती द्वारा पुरे देश में पर्यावरण एवं नदियों के उत्थान के लिए महत्वपूर्ण कार्य किये जा रहे है | इस दिशा में सहयोग करने के लिए सभी समाजसेवियों को आगे आना चाहिए।
हरित संवाद में अतुल्य गंगा से कप्तान आमोद चौधरी, डॉ.बी.डी. जोशी, कार्यक्रम संयोजक प्रमोद शर्मा, डॉ. राजीव कुमार, ग्रीनलाइन इनिशिएटीव से गौरव कुमार, डॉ. महेंद्र आहूजा, समाजसेविका विदुशी, अनिल भारती, स्वतंत्रता सेनानी जितेन्द्र रघुवंशी, ओम प्रकाश सिंह, शिक्षाविद बी.पी. सिंह, डॉ. नरेश मोहन, एस.एस. राणा, विनोद मित्तल, प्रेमचंद सैनी, महेश धीमान, मयंक गुप्ता, श्रीमती अर्चना सुयाल, आर.डी. मौर्या, कमलेश्वर मिश्रा, महेश गौड़ आदि ने अपने-अपने विचार व्यक्त किये।
हरित संवाद की अध्यक्षता करते हुए गरीबदासीय आश्रम के परमाध्यक्ष स्वामी रविदेव शास्त्री ने हरित संवाद को एक सफल आयोजन बताते हुए, पर्यावरण एवं नदियों के विकास के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया, तथा सभी आगंतुकों का धन्यवाद प्रकट किया।
हरित संवाद का संचालन सुरेश सुयाल ने किया, हरित संवाद का शुभारम्भ भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ शुरू हुआ।
कार्यक्रम के पश्चात् अतिथियों द्वारा सिटी फारेस्ट वाटिका में दिव्य रुद्राक्ष का पौधा रोपित किया गया।

